Success Story: किसान के बेटे ने रचा सफलता का इतिहास, पहले प्रयास में बना पुलिस उप निरीक्षक

तैयारी के दौरान टायफाइड से जूझे, फिर भी नहीं मानी हार
Success Story: बैतूल। जिले के हिवरखेड़ी गांव के किसान परिवार से आने वाले सुमित सिंह सिसोदिया ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। मध्यप्रदेश पुलिस सूबेदार एवं उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में सुमित ने पहले ही प्रयास में प्रदेशभर में 30वीं रैंक प्राप्त कर उप निरीक्षक (एसआई) पद पर चयन सुनिश्चित किया है।
सुमित, किसान अशोक सिंह सिसोदिया के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने सुमित को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। बताया जाता है कि सुमित ने इस सफलता के लिए लगातार तीन वर्षों तक कठिन परिश्रम किया। तैयारी के दौरान उन्हें टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारी का सामना भी करना पड़ा।
बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं हटाया और अध्ययन जारी रखा। विपरीत परिस्थितियों में भी उनके हौसले और दृढ़ संकल्प ने उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाया। सुमित ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया है।
उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में उनके छोटे भाई सुजल सिंह सिसोदिया (बाबू भैया) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिजिकल टेस्ट और साक्षात्कार की तैयारी में सुजल ने विशेष समर्पण और सहयोग दिया, जिससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।
किसान परिवार से निकलकर पुलिस उप निरीक्षक बनने की सुमित की यह प्रेरणादायक कहानी क्षेत्र के युवाओं के लिए एक मिसाल बन गई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




