Betul Samachar: बम की अफवाह के बाद बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन को घोड़ाडोंगरी में रोका
Betul News: Bengaluru-Gwalior Express train stopped at Ghoradongri after bomb rumour

यात्रियों में मचा हड़कम्प, जांच में इलेक्ट्रिक बाइक की बीप से आवाज निकलने पर मिली राहत
Betul Samachar: बैतूल। सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली, जब बेंगलुरु से ग्वालियर जा रही बेंगलुरु-ग्वालियर एसएमवीटी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 11085) में बम होने की अफवाह फैल गई। रात लगभग 1 बजे ट्रेन के गार्ड ने पार्सल कोच से संदिग्ध बीप की आवाज लगातार सुनाई देने की जानकारी स्टेशन प्रबंधन को दी। देखते ही देखते स्थिति गंभीर होती चली गई और यात्रियों में हड़कंप मच गया। प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा रेलवे प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधक ने सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन को तुरंत रोक लिया। साथ ही आरपीएफ और जीआरपी का दल तत्काल हरकत में आया और कोच को चारों ओर से घेर लिया गया। बीप की आवाज से संदिग्ध वस्तु की आशंका के चलते जांच के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। ट्रेन के सभी यात्रियों को एहतियातन सतर्क किया गया जबकि पार्सल कोच के आसपास किसी को जाने की अनुमति नहीं दी गई।
खोदा पहाड़ निकली चुहिया
जानकारी के मुताबिक करीब एक घंटे तक चली जांच में जब एसएलआर पार्सल कोच को खोला गया तो पूरा मामला साफ हुआ। कोच के अंदर रखी एक इलेक्ट्रॉनिक बाइक से बीप की आवाज आ रही थी। जानकारी के अनुसार यह ई-बाइक एक यात्री द्वारा पार्सल के रूप में ग्वालियर के लिए भेजी जा रही थी। सम्भावना है कि, तकनीकी खराबी के कारण बाइक का सिग्नल अलार्म सक्रिय हो गया था, जिसकी आवाज को गार्ड ने संदिग्ध मानकर रिपोर्ट किया। इसके अलावा कोच से अन्य कोई संदिग्ध अथवा विस्फोटक सामान नहीं पाया गया।
इलेक्ट्रिक बाइक को ट्रेन से उतारा, फिर रवाना हुई ट्रेन
स्थिति स्पष्ट होने के बाद बाइक को घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर ही उतार लिया गया। आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने पूरी सुरक्षा जांच पूरी की, जिसके बाद लगभग एक घंटे के विलंब के पश्चात ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान यात्रियों में भय और चिंता का माहौल जरूर रहा, परंतु आरपीएफ की तत्परता से संभावित घटना टल गई। स्थानीय यात्रियों ने भी सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की सराहना की।
इनका कहना….
पार्सल कोच से गार्ड को बीप की आवाज सुनाई दी थी। सुरक्षा की दृष्टि से कोच को खुलवाया गया। जांच में इलेक्ट्रॉनिक बाइक से आवाज आने की पुष्टि हुई। पूरी पड़ताल के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
राजेश बनकर, टीआई आरपीएफ, बैतूल




