Betul Samachar: कोलगांव- सांईखेड़ा फिर बने जुएं के नए हब

थाना सीमा को चकमा देकर बड़ी गैंग सक्रिय, संबंधित थाने की पुलिस की चुप्पी पर सवाल
Betul Samachar: बैतूल। बंद होने के बाद जिले के कुछ स्थानों पर जुआ घर पर फिर शबाब पर है। इससे पुलिस की सक्रियता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। क्राइम बैठक में एसपी की ताकीद केवल औपचारिक बनकर रह गई है। इसका जीता जागता उदाहरण कोलगांव और सांईखेड़ा, मासोद और पट्टन के बीच चल रहे बड़े जुएं को देखकर लगाया जा सकता है। हालात यह है कि इन जुआ घरों में हर दिन सैकड़ों की संख्या में महाराष्ट्र के जुआरी भी पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के लोग खुद सांझवीर टाईम्स को लगातार सूचना दे रहे हैं, लेकिन पुलिस को जुआ घर संचालित होने की जानकारी न होना कई तरह के सवाल खड़े कर रही है।
सूत्र बताते हैं कि इस समय जिले के कुछ थाना क्षेत्रों में एक बार फिर नामी जुआरियों की गैंग सक्रिय हो गई है। पुलिस दावा कर रही है कि उनके क्षेत्र में जुआ नहीं हो रहा है, लेकिन पुलिस के पास इतने संसाधन और तकनीक मौजूद है कि मोबाइल नंबरों के आधार पर जुआरियों की गैंग पर नकेल कसा जा सकता है। इसके बावजूद ऐसा न हो पाना कहीं न कहीं संदेह को जन्म दे रहा है। जिले के कुछ थाना क्षेत्रों से एक बार फिर बड़े पैमाने पर जुआ घर संचालित होने की जानकारी सामने आ रही है। इन्हें पुलिस के लिए पकड़ना चैलेंज बन गया है
ंपंकज, सागर, प्रदीप की गैंग सक्रिय
सूत्रों के अनुसार कोलगांव में नामी जुआरी पंकज ने अपने साथी सागर के साथ एक बार फिर हाथ आजमाना शुरू कर दिया। नामी जुआरी पंकज पर पहले भी कई मामले कायम हो गए हैं, लेकिन उसकी सक्रियता में कमी नहीं आई। अब खबर है कि कोलगांव में स्थान बदल-बदलकर पंकज, सागर और प्रदीप जुआ घर संचालित कर रहे हैं। इस जुआ घर की खासियत है कि कभी दरगाह के पीछे तो कभी हाथी डिंगर मार्ग पर तो कभी ताप्ती की पहाड़ियों में जुआ घर की महफिल सज रही है। इसमें बड़ी संख्या में आठनेर, बैतूल, कोलगांव, सेहरा, मांडवी समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के अलावा महाराष्ट्र के जुआरी पहुंच रहे हैं।
यहां आठनेर और बैतूलबाजार थाने का फेर बताकर जुआरी सांठगांठ करने में लगे हैं। इसी तरह सांईखेड़ा से लेकर मासोद, पट्टन और मुलताई के बीच पिंटू, प्रदीप मिलकर अलग-अलग दिनों खेंप में जुआ घर संचालित कर रहे हैं। संबंधित क्षेत्रों के बीच लगने वाले बाजार के आधार पर पिंटू और प्रदीप खुलेआम सड़क से नजदीक जुआ घर संचालित किए देखे जा सकते हैं। क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों ने भी इनकी गैंग को हाथ आजमाते हुए देखा। यहां पर भी एक सैकड़ा से अधिक जुआरी पहुंचते हैं। इनमें महाराष्ट्र के जुआरियों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है। यह पूरा नेटवर्क सांईखेड़ा, आठनेर, मुलताई, थानाक्षेत्र की पुलिस को चकमा देकर संचालित किया जा रहा है, लेकिन पुलिस का दावा है कि पुलिस को जुएं की जानकारी देते हैं पर वे कार्रवाई नहीं करते।




