Betul Samachar: कोरोना की प्रदेश में दस्तक: बैतूल में टेस्ट किट नदारद
Betul News: Corona knocks in the state: Test kits missing in Betul

सर्दी-खांसी, बुखार जैसे मिल रहे लक्षण, स्वास्थ्य विभाग सतर्क
Betul Samachar: बैतूल। प्रदेश में कोरोना ने दस्तक दे दी है। कोरोना के मरीज सामने आते ही स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। कोरोना के इस नये वेरिएंट में सर्दी-खांसी, बुखार जैसे लक्षण सामने आ रहे है। कोरोना के दस्तक देते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को भीड़-भाड़ में ना जाने और मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है। पिछली कोरोना की लहर को देखते हुए इस बार पहले ही सावधानी बरती जा रही है। कोरोना का नाम सुनते ही लोगों दहशत होने लगती है। जानकारी के अनुसार इंदौर में कोरोना के दो मरीज सामने आए है, जिसमें एक की ट्रेवल हिस्ट्री केरल की बताई जा रही है और एक मरीज बिना ट्रेवल हिस्ट्री के कोरोना पॉजिटिव मिला है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस बार कोरोना का जेएन-1 वेरिएंट सामने आया है।
जिले को भी सावधान रहने की जरूरत
बैतूल जिला महाराष्ट्र से लगा हुआ है। महाराष्ट्र में भी कोरोना के नए वेरिएंट के मरीज सामने आए है और इंदौर में भी दो मरीज पॉजिटिव मिले है। बैतूल से इंदौर और महाराष्ट्र में प्रतिदिन लोगों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसी स्थिति में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बन गया है। कोरोना को देखते हुए जिले के लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। वहीं लोगों को खुद को सुरक्षित रखने के लिए कोरोना से बचाव की आदतों को फिर अपनाने की जरूरत को अपनाना होगा। अन्यथा बीमारी बढ़ने से इंकार नहीं किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि कोरोना की पिछली लहर में बड़ी संख्या में बैतूल में भी कोरोना के मरीज सामने आए थे और कई लोगों की कोरोना महामारी से जान चली गई थी। पिछले कोरोना लहर से सबक लेते हुए इस बार समय से पूर्व ही अपनी सुरक्षा के इंतजाम करना होगा।
सर्दी-खांसी होने पर रहे आईसोलेट
डॉक्टरों का कहना है कि जब भी किसी व्यक्ति को सर्दी-खांसी, बुखार के लक्षण मिले उस व्यक्ति को घर में ही आईसोलेट हो जाना चाहिए। घर के अन्य सदस्यों को मरीज से दूरी बनाकर रखना चाहिए ताकि संक्रमण एक दूसरे में ना फेल सके। सर्दी-खांसी, बुखार होने की स्थिति में जांच अवश्य कराए और समय पर ईलाज कराएं। सावधानी बरतने से कोरोना संक्रमण को फेलने से बचा जा सकता है। जिला अस्पताल में भी आने वाले मरीजों को सावधानी बरतना चाहिए, अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते है लेकिन मरीज मास्क नहीं लगाते है।
इनका कहना
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोरोना को लेकर कोई निर्देश अभी तक जारी नहीं किए है, लेकिन संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। निर्देश आने के बाद आदेशों का पालन किया जाएगा।
डॉ. राजेश परिहार
सीएमएचओ, बैतूल




