Betul Ki Khabar : शहर के छुपे हुए हीरो: सामूहिक विवाह के बाद रातोंरात पुलिस ग्राउंड चकाचक
Betul Ki Khabar: The hidden hero of the city: Police ground cleaned overnight after mass marriage

किसी को पता भी नहीं लगा, सुबह वाकिंग पर गए लोग हतप्रद
Betul Ki Khabar : बैतूल। पिछली बार की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह आयोजन के बाद नगर पालिका की स्वच्छता टीम ने एक बार फिर अपनी निष्ठा और तत्परता का परिचय दिया।बुधवार यहां प्रशासन ने करीब 1000 से अधिक जोड़ों का विवाह कराया। करीब 20,000 से अधिक लोगों की भीड़ जुटी थी , कार्यक्रम समाप्त होते ही नपा के सफाई कर्मियों की टीम यहां पहुंची और पुलिस ग्राउंड में फैले कचरे को कुछ ही घंटों में साफ कर पूर्व स्थिति में ला दिया गया। शहर को साफ , स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में इन सफाई कर्मियों के योगदान की जितनी सराहना की जाए कम है।

हजारों की भीड़ के बीच ग्राउंड में लग चुके थे कचरे के ढेर
दरअसल जिला प्रशासन द्वारा बुधवार स्थानीय पुलिस ग्राउंड पर मुख्यमंत्री कन्यादान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। चिचोल, घोड़ाडोंगरी और आठनेर विकासखण्ड से हजारों की संख्या में यहां लोग पहुंचे थे। स्वाभाविक है कि इतने लोगों की उपस्तिथि जिस जगह हो वहां कचरे का फैलना लाजिमी है। जैसे ही कार्यक्रम का समापन हुआ वैसे ही स्वच्छता निरीक्षक संतोष धनेलिया, राजेश सोनी, सुपरवाइजर संजय खरे, सतीश कोलेकर और श्याम प्रधान के नेतृत्व में करीब 50 सफाईकर्मियों की टीम यहां पहुंच गई। सफाई कर्मियों ने सफाई शुरू कर दी।यहां से थोड़ा बहुत नहीं बल्कि चार ट्रॉली कचरा निकाला गया। देखते ही देखते मैदान लगभग पूरी तरह से साफ हो गया था। जो थोड़ा-बहुत कचरा बचा,भी था उसे आज सुबह तड़के ही टीम ने पूरी तरह से साफ कर दिया।
न प्रचार न प्रशंसा, कर्तव्य सबसे पहले
शहर को साफ रखने के लिए प्रत्येक सफाई कर्मी अपना पूरा योगदान देने के प्रति ईमानदार है। दिनरात काम मे लगे रहना शहर के नागरिकों को नजर भी आता है। क्योंकि नपा की पूरी टीम सीमित संसाधनों में भी लगातार शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। ये सफाईकर्मी न तो प्रचार चाहते हैं, न ही प्रशंसा, बस अपने कर्तव्य को चुपचाप निभाते रहते हैं। वास्तव में ये शहर के छुपे हुए हीरो हैं, जिनके बिना स्वच्छता की कल्पना भी अधूरी है।
इनका कहना..
कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी दिखाते हुए स्वच्छता प्रहरियों ने रातोंरात पुलिस ग्राउंड की सफाई कर अच्छा संदेश दिया है। लोग भी इसकी तारीफ कर रहे हैं।
संतोष धनेलिया, स्वच्छता निरीक्षक बैतूल




