Betul ki Khabar: लूटे जा रहे वॉटर एटीएम के उपभोक्ता, पैसे कटने के बाद भी नहीं मिला पानी

शिकायतों पर नगरपालिका और एजेंसी ने झाड़ा पल्ला, एक दर्जन लोगों के साथ हुई धोखाधड़ी जैसी स्थिति

Betul ki Khabar: बैतूल। शहरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगरपालिका द्वारा शुरू की गई जीवन जल धारा योजना अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए वॉटर एटीएम में पानी लेने पहुंच रहे लोगों की जेब से पैसे तो कट रहे हैं, लेकिन बदले में पानी की एक बूंद भी नहीं मिल रही।

डिजिटल भुगतान की सुविधा देने वाली मशीनें उपभोक्ताओं के पैसे काटने में तो सक्रिय हैं, लेकिन पानी उपलब्ध कराने के मामले में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही हैं। हैरानी की बात यह है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नगरपालिका और संबंधित एजेंसी के जिम्मेदार समस्या का समाधान करने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।

गुरुवार शाम ग्रीन सिटी स्थित वॉटर एटीएम पर पानी लेने पहुंचे लोगों को इस अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने पानी लेने के लिए मशीन में एटीएम कार्ड लगाया, लेकिन पानी निकलने के बजाय खाते से पैसे कटने लगे।

शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद कार्ड ठीक से नहीं लगा है या मशीन में तकनीकी गड़बड़ी के कारण भुगतान नहीं हुआ। इसी भरोसे में उन्होंने दोबारा कार्ड लगाया। इसके बाद भी पानी नहीं निकला, लेकिन खाते से फिर पैसे कट गए। इस तरह एक ही उपभोक्ता के खाते से कई बार राशि कटती रही और मशीन से पानी नहीं मिला।

कार्ड लगाते रहे, खाते से कटते रहे पैसे

उपभोक्ताओं के मुताबिक मशीन में कार्ड लगाने के बाद भुगतान की प्रक्रिया पूरी होती दिखाई दी, लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई। जब उन्हें लगा कि मशीन ने कार्ड स्वीकार नहीं किया है तो उन्होंने दोबारा प्रयास किया। हर बार यही स्थिति बनी रही।

मशीन ने पैसे काटने में कोई चूक नहीं की, लेकिन पानी देने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। बताया जा रहा है कि इस तरह की परेशानी से करीब एक दर्जन लोग प्रभावित हुए हैं। उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ पानी के लिए भी भटकना पड़ा।

जिम्मेदारों के पास समाधान नहीं, सिर्फ आश्वासन

मामले की शिकायत नगरपालिका के उपयंत्री राहुल शर्मा से की गई तो उन्होंने सुबह बात करने की बात कहकर लोगों को वापस लौटा दिया। उपभोक्ताओं को उम्मीद थी कि सुबह तक समस्या का समाधान हो जाएगा और काटी गई राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

लेकिन अगले दिन जब दोबारा शिकायत की गई तो उन्होंने मामले को दिखवाने का आश्वासन देकर जिम्मेदारी टाल दी। दूसरी ओर संबंधित एजेंसी के कर्मचारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन वहां से भी उपभोक्ताओं को कोई ठोस समाधान नहीं मिला।

योजना का उद्देश्य पीछे, अव्यवस्था आगे

जीवन जल धारा योजना के तहत लगाए गए वॉटर एटीएम का उद्देश्य लोगों को कम कीमत पर साफ पेयजल उपलब्ध कराना है। लेकिन मशीनों की निगरानी और रखरखाव में लापरवाही के कारण यही सुविधा लोगों के लिए परेशानी बन रही है।

जब मशीन से पानी नहीं निकलता तो उपभोक्ता अपनी शिकायत लेकर कहां जाएं, इसकी भी कोई स्पष्ट व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। न तो मौके पर तकनीकी सहायता उपलब्ध है और न ही शिकायत के तत्काल निराकरण की व्यवस्था दिखाई दे रही है।

इनका कहना

मैं इस मामले को दिखवाता हूं। वाटर आरो मशीन में क्या खराबी आई है इसे दूर किया जाएगा। उपभोक्ताओं के पैसे कटे इसमें मैं कुछ नहीं कर सकता। 

राहुल शर्मा, उपयंत्री, नगरपालिका, बैतूल

मैं ग्रीन सिटी में लगे वॉटर आरो को चलाने में सक्षम नहीं हूं। कई शरारती तत्व वाटर आरो को नुकसान पहुंचा चुके है। मैंने कई बार वाटर आरो बंद करने के लिए अधिकारियों से चर्चा भी की। उपभोक्ताओं के पैसे कट रहे है मैं उन्हें वापस नहीं कर सकता। 

शैलेन्द्र झल्लारे, मैनेजर, वॉटर आरो संचालक, बैतूल

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button