Betul Samachar: सड़क बनने के बीच नाली निर्माण के लिए गुपचुप भूमिपूजन

Betul News: Secret Bhoomi Pujan for drain construction during road construction

सांझवीर की खबर के बाद जागी नपा, सड़क-नाली निर्माण साथ होने पर भी उठ रहे सवाल

Betul Samachar: बैतूल। नगरपालिका आगे पाट पीछे सपाट का काम कर लोगों को शिकायत करने का मौका दे रही है। कहने को तो मुल्ला पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक तक सड़क का खाका पहले ही तैयार किया जा चुका था, लेकिन इंजीनियरों की मजबूत टीम रहने के बावजूद दोनों ओर नालियां बनाने की चिंता किसी ने नहीं की। जब सड़क निर्माण हो रहा है तो इस बीच नपा ने सोमवार को गुपचुप तरीके से भूमिपूजन कर विवादों को जन्म दे दिया। हालांकि अधिकारी इसे पूर्व में हुए टेंडर प्रक्रिया का हवाला देकर टालमटोली कर रहे हैं, लेकिन लोगों ने इस पर कई सवाल उठाएं हैं। हालांकि नपा ने नाली निर्माण की कवायद सांझवीर टाईम्स में पिछले दिनों प्रकाशित समाचार के बाद ही बनाने की सुध ली है।

मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक इस समय टूलेन सड़क और पोल शिफ्टिंग का काम चल रहा है। इसको लेकर नपा पहले से ही लेटलतीफी के कारण लोगों की नाराजगी झेल रही है। यह मामला सुर्खियों में था कि सोमवार अचानक नगरपालिका ने मुल्ला पेट्रोल पंप के पास नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन कर सभी को अचंभे में डाल दिया। केवल नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, गांधी वार्ड के पार्षद वरूण धोटे इस मौके पर मौजूद रहे। आनन फानन में भूमिपूजन कर ठेकेदार को नाली निर्माण के निर्देश दे दिए गए। बताया जाता है कि मुल्ला पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक तक नाली निर्माण के लिए करीब डेढ़ करोड़ के टेंडर लगे थे। नपा के पास बजट की कमी के कारण यह काम रूकने की जानकारी सामने आई है। देखने लायक यह होगा कि सड़क और नाली निर्माण का काम एक साथ होने पर गुणवत्ता के साथ सड़क क्षतिग्रस्त तो नहीं होगी।

नाली निर्माण में भी कई पेंच

नपा ने दांवे के साथ बारिश के पहले नाली निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। यह कवायद भी उस समय शुरू हुई, जब सांझवीर टाईम्स में बारिश के पहले नाली न बनाने पर करोड़ों की सड़क का सत्यानाश होने संबंधी समाचार प्रकाशित किया। इसके बाद आनन फानन में नाली के लिए भूमिपूजन करना पड़ा। इसमें भी नया तर्क सामने आया है कि एक से डेढ़ मीटर नाली निर्माण दोनों मार्ग पर बनना संभव नहीं है। दरअसल उत्कृष्ट स्कूल, नपा परिसर के सामने जगह नहीं होने के कारण ठेकेदार को नाली निर्माण का साइज छोटा करना पड़ेगा। तेज बारिश में ओवरफ्लो की स्थिति बनती है तो पानी सड़क पर बह सकता है। इसे भी नपा की लापरवाही और बिना प्लानिंग से जोड़कर लोग सवाल उठा रहे हैं।

इनका कहना….

टेंडर पहले काफी पहले हुआ था, लेकिन फंड की कमी के कारण नपा ने सोमवार नाली के लिए भूमिपूजन किया। गुणवत्ता को ध्यान में रखने के लिए हम लोग निगरानी करेंगे। सड़क क्षतिग्रस्त न हो, इस बात का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

नीरज धुर्वे, एई नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button