Betul News: बैराज की दोनों मोटर सुधरी, शाम तक भराएंगी शहर की सभी टंकियां
Betul News: Both the motors of the barrage have been repaired, all the tanks of the city will be filled by evening

आज शहर में पानी नहीं आने से मचा हाहाकार, कल सुबह होगी नियमित सप्लाई
Betul News: बैतूल। खेड़ी सांवलीगढ़ स्थित ताप्ती बैराज की दो दिन पहले खराब हुई मोटर को शुक्रवार सुधरवा लिया गया है। वर्तमान में दोनों मोटर से सप्लाई शुरू कर दी गई है, लेकिन एनीकट तक पानी आने में शाम हो जाएगी। इसके बाद शनिवार से ही नियमित सप्लाई शुरू होने की संभावना है। गुरूवार की तरह शुक्रवार भी आधे से अधिक शहर को नियमित पानी नहीं मिलने से हाहाकार मच गया। लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था से पानी का इंतजाम किया।
नगर पालिका ने बैतूल शहर की पेयजल सप्लाई के लिए ताप्ती घाट पर बैराज बनाया है। यहां करीब 3 एमसीएम पानी स्टोर किया जाकर हर दिन बैतूल में पानी स्पलाई की जा रही है। एक वर्ष में दूसरी बार बैराज में लगी 335 हॉस पॉवर की बड़ी मोटर के जलने से अचानक स्थिति बिगड़ गई। दरअसर यहां की एक मोटर पहले से ही खराब थी। इसके बाद बैतूल आने वाले पानी पर ब्रेक लग गया। आनन-फानन में नगर पालिका जल शाखा में अपने वाहन से गुरूवार को मोटर सुधारने भोपाल भेजा। यह तो शुक्र है कि मोटर देर रात सुधरकर आने के बाद शुक्रवार इसे बैराज पर लगा दिया गया है। दोनों मोटरों से दोपहर में ही सप्लाई शुरू की जा चुकी है। बैराज से एनीकट तक 22 किमी पानी आने में शाम हो सकती है। इसके बाद नियमित जल सप्लाई शुरू की जाएगी।
दो दिन से शहर में मचा है हाहाकार
बताया जाता है कि शहर के 33 में से लगभग 19 वार्ड 10 टंकियों से आने वाले पानी पर निर्भर है। चूंकि बुधवार को टंकिया भरने के बाद एक दिन के अंतराल में वार्डों में सप्लाई शुरू कर दी गई, लेकिन मोटर खराब होते ही नपा को सप्लाई बंद करना पड़ा। इसके बाद गुरूवार और शुक्रवार दोनों ही दिन शहर की आधी आबादी को पानी उपलब्ध नहीं हो पाया। पड़ोसियों के ट्यूबवेल और निजी टैंकर बुलाकर काम चलाना पड़ा।
निरगुड़ बैराज के पानी का इंतजार
मई माह के दूसरे सप्ताह में बैराज दम तौड़ते दिखाई दे रहा है। दरअसल बैराज की साईड वॉल क्षतिग्रस्त होने से पानी बड़े पैमाने पर बह रहा है। इसी वजह करीब ढ़ाई से तीन एमसीएम क्षमता वाले इस बैराज में पानी स्टोर नहीं हो पा रहा है। अब नगर पालिका को जल संसाधन विभाग को बोलकर निरगुड़ जलाशय से 1 एमसीएम पानी छोड़ना पड़ रहा है। हालाकि दो दिन पहले छोड़ा पानी अब तक बैराज नहीं पहुंच पा रहा है। ताप्ती में जगह-जगह बड़े डोह के कारण पानी थमने से थोड़ी दिक्कते आ रही है। नपा को उम्मीद है कि शाम तक निरगुड़ जलाशय का पानी बैराज तक पहुंच जाएगा।
इनका कहना…
बैराज की दोनों मोटरों को भोपाल से मरम्मत कर बुलवा लिया है। शुक्रवार से सप्लाई शुरू कर दी है, शाम तक एनीकट पानी पहुंचते ही शनिवार से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। आज निरगुड़ से आने वाले पानी को भी देखने जाएगे।
धीरेन्द्र राठौर, उपयंत्री नपा बैतूल




