Betul Weather: सुबह से मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सतपुड़ा जलाशय के 14 और पारसडोह के 3 गेट खोले
Betul Weather: Life disrupted due to torrential rain since morning, 14 gates of Satpura reservoir and 3 gates of Parasdoh opened.

बाढ़ के कारण कई जगह टूटा सड़क संपर्क, बैतूल में बारिश का रेड अलर्ट
बैतूल। सुबह से जिले में मूसलाधार बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर आ गए। कई क्षेत्रों में बाढ़ के कारण गांवों का सड़क संपर्क टूट गया। सतपुड़ा और पारसडोह जलाशय का जलस्तर बढ़ने से गेट खोलना पड़ा। तेज बारिश के कारण शहर का ड्रेनेज सिस्टम भी फेल हो गया। सड़कों पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। निचले स्तर की बस्तियों में बारिश का पानी घुसने के समाचार मिले है। अगले 24 घंटे के दौरान फिर बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार अल सुबह से जिले में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। दिन भर मूसलाधार बारिश होने से जन जीवन पर असर पड़ा है।
बैतूल में पहली बार बारिश में माचना नदी उफान पर आई है। हाथी नाले से भी लबालब पानी बहने लग गया। तेज बारिश से मुख्यालय पर ड्रेनेज सिस्टम भी बिगड़ गया। सड़कों पर जल भराव की स्थिति निर्मित होने से वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ा है। एसपी कार्यालय के सामने वाले सड़क मार्ग पर जल भराव हो गया था, जिससे आवाजाही में परेशानी हुई है। कॉलेज चौक पर भी सड़कों पर जल भराव की स्थिति निर्मित हो गई। कई जगह वार्डो में पानी निकासी नहीं होने से घरों में बारिश का पानी जाने से नुकसान हुआ है। दोपहर 3 बजे तक समाचार लिखे जाने तक झमाझम बारिश का दौर जारी था।
सारनी में तीन मकान और दो दुकानें ढही
सारनी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण तीन मकान और दो दुकानें ढह गई है। जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 19 में जबर अंसारी और सूरज सहित एक अन्य का मकान तेज बारिश से ढह गया। इसके अलावा दो दुकानें भी ढह जाने की खबर सामने आई है। बारिश के कारण रात भर सारनी में बिजली सप्लाई पूरी तरह से ठप रही। तवा नदी में बाढ़ आने के कारण कई मवेशियों के बहने के समाचार प्राप्त हुए है। 8 घंटे के भीतर सारनी में 186 मिमी बारिश दर्ज की है।
पारसडोह डेम के खुले 3 गेट
इधर मुलताई में बने पारसडोह जलाशय का जल स्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे डेम के तीन गेट 70 सेंटीमीटर खोले गए। गेट खुलने के बाद तेजी से ताप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। ताप्ती नदी में भी बाढ़ आ गई है। ताप्ती नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण नदी के किनारे बसे गांव वालों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए है। मुलताई क्षेत्र में हुई तेज बारिश से ताप्ती नदी भी उफान पर चल रही है।

चक्कर रोड टू-लेन हुई जलमग्न
जिला मुख्यालय चक्कर रोड इलाके मे बनी कालोनियों में भारी बारिश के चलते सड़कों के साथ-साथ खुली जगहों पर पानी भर जाने के कारण इन इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले और कार्यालय जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना इसलिए करना पड़ा क्योंकि कालोनियों की सड़कें सकरी होने और लगातार तेज बारिश होने की वजह से सड़कों पर लबालब पानी लगातार चल रहा था। ऐसे में वाहन चलाने तो दूर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। चक्कर रोड टू-लेन सड़क भी पूरी तरह जलमग्न हो चुकी थी।
जिले में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग भोपाल ने जारी की गई एडवायजरी में बैतूल जिले में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान जिले में गरज-चमक के साथ अत्यधिक भारी वर्षा होने और गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। अभी जिलेवासियों को बारिश से राहत मिलने की संभावना कम लग रही है।




