Betul News: Video: सावधान : स्टेट हाइवे पर खुलेआम घूम रहा तेंदुआ
Betul News: Be careful: Leopard roaming freely on the state highway

कैमरे में कई बार रिहायशी क्षेत्र में सक्रिय दिखा, वन विभाग बेखबर
Betul News: सारनी। शहर से होकर गुजरने वाले स्टेट हाइवे पर एक, दो, नहीं, बल्कि कई बार जंगली जानवर देखे गए हैं। इस बार रिहायशी क्षेत्र के नजदीक तेंदुआ दिखाई दिया है। इसकी पुष्टि वायरल वीडियो से की जा रही है। पहले भी यहां बाघ दिखाई दिया था। इस बार तेंदुए के साथ शावक होने की भी बाद सामने आ रही है। हालांकि वायरल वीडियो में एक तेंदुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो की तहकीकात करने पर पता चल रहा है कि दिखाई दे रहा तेंदुआ काफी देर तक हाइवे पर घूम रहा है।
पॉवर प्लांट की बाउंड्रीवाल होने की वजह से वह उसे पार करने में सफल नहीं हो पा रहा। बार-बार तेंदुआ बाउंड्रीवाल की तरफ जाता दिखाई दे रहा। लेकिन बाउंड्रीवाल ऊंची होने की वजह से उसे पार नहीं कर पा रहा। अंदाजा लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा तेंदुआ राख बांध वाले क्षेत्र से आया होगा और एबी-टाइप कालोनी की तरह जा रहा है।
एबी-टाइप में कई बार दिखा तेंदुआ
मप्र पॉवर जनरेटिंग कपनी की एबी-टाइप कालोनी में दशहरा से अब तक कई बार नर, मादा तेंदुए के साथ में शावक में दिखाई दे चुके हैं। खासबात यह है कि इसकी जानकारी वन विभाग के आलाअफसरों को है। तेंदुए को कैद करने वन विभाग द्वारा चिन्हित स्थानों पर कैमरे भी लगाए थे। लेकिन तेंदुआ कैद नहीं हुआ। जबकि तेंदुए को लाइव कई बार विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों के अलावा कालोनी के लोगों द्वारा देखा गया। संभावना व्यक्त की जा रही है कि हाइवे पर दिखाई दे रहा तेंदुआ एबी-टाइप कालोनी में दिखाई देने वाला ही तेंदुआ हो सकता है।
दल गठित करने की है आवश्यकता
सतपुड़ा बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन के अध्यक्ष आदिल खान का मानना है कि नर, मादा तेंदुए शावक के साथ पहले भी दिखाई दिए हैं। जिससे रहवासियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय संस्था को साथ में रखकर जंगली जानवरों और इंसानों की सुरक्षा के लिए उन पर नजर रखना बेहद जरूरी है। लेकिन वन विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा। जिसके चलते कभी भी मनुष्यों से जंगली जानवरों का आमना-सामना होने से इंकार नहीं किया जा सकता। आदिल खान ने इस मामले की शिकायत मुख्य वन्य जीव अभिरक्षक मप्र से भी की है।
बाघ, तेंदुए का पसंदीदा क्षेत्र है सारनी
जिस तेजी से जंगली जानवरों की मौजूदगी सारनी और इसके आसपास के क्षेत्रों में मिल रही है। उससे यह कहना बिलकुल भी गलत नहीं होगा कि बाघ और तेंदुए समेत अन्य जंगली जानवरों का पसंदीदा क्षेत्र सारनी और उसके आसपास का क्षेत्र है। गौरतलब है कि साल २०१८ के बाद से अब तक कई बार बाघ, तेंदुए, भालू समेत कई जंगली जानवरों की मौजूदगी रिहायशी क्षेत्र में बनी है। जंगली जानवरों और इंसानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीतकालीन समय में वन विभाग द्वारा कई चिन्हित स्थानों पर टीम भी तैनात की थी। एक बार फिर हाइवे पर तेंदुए की मौजूदगी ने वन विभाग का ध्यान अपनी ओर खींचा है।




