Betul Samachar: सड़क निर्माण के साथ विधायक हेमन्त को छोटे दुकानदारों की भी चिंता
Betul Samachar: Along with road construction, MLA Hemant is also concerned about small shopkeepers

व्यवस्थापन के लिए जगह तलाशने नपा को दिए निर्देश
Betul Samachar: बैतूल। शहर में तेजी से चल रहे विकास कार्यों के बीच विधायक हेमन्त खण्डेलवाल सिर्फ सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन छोटे दुकानदारों की भी चिंता कर रहे हैं जो सालों से सड़क किनारे दुकान लगाकर अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक तक बन रही टू लेन सड़क जहां आम नागरिकों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं इस निर्माण कार्य के चलते करीब 50 से अधिक छोटे दुकानदारों को अपनी जगह से हटना पड़ रहा है। ऐसे में विधायक खण्डेलवाल ने नगर पालिका अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन दुकानदारों के व्यवस्थित विस्थापन के लिए तुरंत उपयुक्त जगह की तलाश की जाए।
व्यवस्थापन के लिए नगर पालिका सक्रिय, संभावित स्थलों का निरीक्षण शुरू
लल्ली चौक से बस स्टैंड तक फैले इस अंचल में फल विक्रेता, कपड़ा विक्रेता, खाद्य सामग्री के ठेले, चाय नाश्ते की गुमठियां, और अन्य लघु व्यवसायी वर्षों से अपना व्यवसाय कर रहे थे। टू लेन सड़क निर्माण की योजना के अंतर्गत इन दुकानों को हटाना अनिवार्य हो गया है। लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक खण्डेलवाल ने इस विस्थापन को मानवीय दृष्टिकोण से देखते हुए पहले इन दुकानदारों को व्यवस्थित करने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका अधिकारियों की टीम, जिसमें राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति भी शामिल हैं, संभावित स्थानों का निरीक्षण कर रही है। उनके अनुसार शिवाजी कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित पानी की टंकी के पास खाली पड़ी जमीन को फल विक्रेताओं के लिए चिन्हित किया जा रहा है। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी चौराहा से कारगिल चौक के बीच, पीपल बाबा मंदिर सदर के पास तथा गंज क्षेत्र में भी वैकल्पिक स्थलों की पहचान की जा रही है।
विधायक के निर्देश पर प्राथमिकता से होगा समाधान
नगर पालिका अधिकारियों द्वारा जैसे ही उपयुक्त स्थान सुनिश्चित किया जाएगा, उसकी जानकारी विधायक हेमन्त खण्डेलवाल और संबंधित उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। इसके पश्चात विस्थापन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि दुकानदारों को न्यूनतम असुविधा हो और वे शीघ्र ही नए स्थान पर पुन: अपने व्यवसाय को शुरू कर सकें।
विधायक खण्डेलवाल की इस पहल को नागरिकों और प्रभावित दुकानदारों द्वारा सराहा जा रहा है। जहां एक ओर विकास कार्यों में गति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर आमजन के हितों का भी समुचित ध्यान रखा जा रहा है।




