Betul News: फसलों पर बेमौसम बारिश का कहर: रानीपुर क्षेत्र में झमाझम बरसे बदरा

बारिश से खेतों में आड़ी हो गई फसल, किसानों को बड़ा नुकसान
Betul News: रानीपुर। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने अन्नदाताओं की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह घोड़ाडोंगरी ब्लॉक के रानीपुर सहित आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में हुई तेज बारिश ने रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। कटाई के मुहाने पर खड़ी गेहूं, चना और सरसों की फसलें भीग जाने से किसान अब नुकसान की आशंका से चिंतित नजर आ रहे हैं।

गुरुवार सुबह से ही आसमान में घने काले बादल छा गए थे और देखते ही देखते रानीपुर, जुवाड़ी, मेहकार, हीरावाड़ी, मयावानी, रतनपुर, शोभापुर, चारगांव और कतियाकोयलारी सहित आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने पूरे इलाके को तरबतर कर दिया। बारिश शुरू होते ही खेतों और खलिहानों में काम कर रहे किसानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। जिन किसानों ने फसल काटकर खलिहानों में रखी थी, वे जल्दबाजी में तिरपाल और पाल-फट्टा लेकर उपज को ढंकने में जुट गए।

अचानक आई बारिश के कारण कई किसान अपनी फसल सुरक्षित नहीं कर पाए, जिससे कटी हुई उपज पानी में भीग गई। किसान नरेंद्र कुमार महतो और राजेश महतो ने बताया कि इस समय गेहूं, चना, बटना और सरसों की फसलें पूरी तरह पक चुकी हैं। बारिश से खड़ी फसलें झुक गई हैं और खेतों में पानी भर गया है। किसानों का कहना है कि गीली फसल में दाने काले पड़ने और सड़ने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होती हैं तथा बाजार में उचित मूल्य मिलने की संभावना भी कम हो जाती है।
किसानों को भारी नुकसान
भारतीय किसान संघ के संभागीय उपाध्यक्ष अशोक पटेल ने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यह समय किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। फसल कटाई से ठीक पहले हुई बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आंकलन करने और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल को ऊंचे स्थान पर रखें और उसे अच्छी तरह ढंककर सुरक्षित करें। कृषि विशेषज्ञों ने मौसम साफ होने पर फसल को तुरंत सुखाने की सलाह दी है, क्योंकि नमी के कारण फफूंद लगने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। बारिश के चलते गेहूं की चमक फीकी पड़ने और सरसों के दाने झड़ने की आशंका जताई जा रही है। रानीपुर और आसपास के क्षेत्रों में अभी भी बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों की चिंता बनी हुई है।




