Betul Samachar: बैतूल में सिर्फ दो पाकिस्तानी महिलाएं मौजूद, दोनों लॉन्ग टर्म वीजा पर – नागरिकता का मामला प्रोसेस में
Betul Samachar: Only two Pakistani women are present in Betul, both on long term visa - citizenship matter is in process

Betul Samachar: बैतूल। पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और जिलों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निर्धारित समय सीमा में पाकिस्तान लौटाया जाए। इस कार्रवाई के बीच बैतूल जिले से एक अहम जानकारी सामने आई है: जिले में वर्तमान में केवल दो पाकिस्तानी महिलाएं निवास कर रही हैं, और दोनों ही लॉन्ग टर्म वीजा (रुञ्जङ्क) पर भारत में हैं।
इन दोनों महिलाओं की शादी बैतूल शहर के एक प्रतिष्ठित व्यवसायी परिवार के बेटों से हुई है। विवाह के बाद से ही वे भारत में रह रही हैं और उनके वीजा दस्तावेज पूरी तरह वैध हैं। इसके साथ ही, दोनों ने भारत की नागरिकता के लिए आवेदन भी कर रखा है, जो वर्तमान में प्रक्रिया में है।
वीजा समाप्ति की तिथियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दो महिलाओं में से एक का वीजा अक्टूबर 2025 में समाप्त हो रहा है, जबकि दूसरी महिला का वीजा अप्रैल 2026 तक वैध है। जिला विशेष शाखा प्रभारी नित्यानंद विश्वास ने पुष्टि की है कि इन दोनों महिलाओं की जानकारी रिकॉर्ड में दर्ज है और सभी आवश्यक दस्तावेज समय-समय पर अपडेट किए गए हैं।
लॉन्ग टर्म वीजा धारकों को राहत
पहलगाम हमले के बाद बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें भारत से वापस भेजने की कार्रवाई शुरू की गई है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में रह रहे नागरिकों को इस सस्पेंशन प्रक्रिया से छूट दी गई है। विशेष रूप से, वे महिलाएं जिनका विवाह भारतीय नागरिकों से हुआ है, उन्हें इस सख्ती से बाहर रखा गया है।
जिले में अन्य कोई पाकिस्तानी नागरिक नहीं
पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया ने बताया कि जिले के सभी अधीनस्थ अधिकारियों से पाकिस्तानी नागरिकों की जानकारी एकत्रित की गई है। रिकॉर्ड के अनुसार, जिले में सिर्फ दो पाकिस्तानी महिलाएं ही मौजूद हैं, और वे दोनों ही लॉन्ग टर्म वीजा पर रह रही हैं। इसके अतिरिक्त जिले में कोई अन्य पाकिस्तानी नागरिक निवासरत नहीं है।
इनका कहना…
शहरी क्षेत्र में दो पाकिस्तानी महिलाएं लॉन्ग टर्म वीजा पर निवास कर रही हैं। दोनों का विवाह भारतीय युवकों से हुआ है, और इन्हें वीजा सस्पेंशन के नियमों से छूट दी गई है।
निश्चल एन. झारिया, एसपी बैतूल
रिकॉर्ड और दस्तावेजों के अनुसार दोनों महिलाएं लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत में हैं और उनकी भारतीय नागरिकता का आवेदन प्रक्रियाधीन है।
नित्यानंद विश्वास, प्रभारी, डीएसबी बैतूल




