Betul Samachar: बैतूल में भी कोल्ड्रिफ सिरप ने बुझाए दो घरों के चिराग, परासिया के डॉक्टर से कराया था इलाज

Betul News: In Betul too, cold syrup extinguished the lights of two houses, they were treated by a doctor from Parasia.

प्रशासन का दावा- जिले में इस सिरप की बिक्री नहीं, कलेक्टर ने किया वीडियो जारी

Betul Samachar: बैतूल/आमला। छिंदवाड़ा जिले में प्रतिबंधित कोल्ड्रिफ कफ सिरप से 11 मासूम बच्चों की मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि कोल्ड्रिफ का कहर बैतूल जिले में भी बरपना शुरू हो गया है। आमला ब्लॉक के रहने वाले दो बच्चों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग में हड़कम्प मच गया है। जानकारी के मुताबिक दोनों बच्चों की मौत इसी सिरप के सेवन के बाद हुई है। बीएमओ डॉ अशोक नरवरे ने इसकी पुष्टि की है। इधर मामला सामने आते ही सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े ने बीएमओ को तलब किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आमला ब्लॉक के जामुन बिछवा निवासी ढाई साल के गर्वित उर्फ निहाल और कलमेश्वरा गांव के चार साल के कबीर को कुछ दिनों पहले बुखार और खांसी की शिकायत हुई थी। परिजन बच्चों को इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिले की परासिया तहसील के डॉ. प्रवीण सोनी के क्लिनिक पर ले गए थे। डॉक्टर ने दोनों बच्चों को कोल्ड्रिफ नामक सिरप पीने की सलाह दी थी। जानकारी मिली है कि सिरप के सेवन के बाद ही बच्चों की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी। उल्टी, सूजन और पेशाब में दिक्कत जैसे लक्षण सामने आने लगे। हालत गंभीर होने पर दोनों को भोपाल के किसी अस्पताल में रेफर किया गया। जहां दोनो बच्चों ने किडनी फेल होने के बाद दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इनमे से एक बच्चे की मौत 8 सितंबर को हुई थी।

विभाग में मचा हड़कम्प, बीएमओ मुख्यालय तलब

मामला सामने आने के बाद आमला ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अशोक नरवरे ने दोनों बच्चों की मौत की पुष्टि की है। साथ ही सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े ने बीएमओ को रिपोर्ट सहित मुख्यालय तलब किया है। जानकारी मिली है कि रिपोर्ट में कोल्ड्रिफ सीरप को ही बच्चों की मौत का जिम्मेदार बताया गया है।

चार सदस्यीय जांच दल गठित, ड्रग इंस्पेक्टर भी तलब

इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बैतूल जिले में संबंधित सिरप की बिक्री और वितरण पर तत्काल एक्शन के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को बैतूल तलब कर चार सदस्यीय जांच दल मृत बच्चों के गांव भेजा है। सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े ने बताया कि, प्राथमिक स्तर पर यह तय नहीं है कि बच्चों की मौत की वजह क्या है। क्योंकि परिजनों ने इनका उपचार भोपाल और नागपुर में भी करवाया था। जांच दल गठित किया गया है जिसमे जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डीआईओ, शिशु रोग विशेषज्ञ और जिला ओषधि निरीक्षक शामिल हैं।

जांच दल को बच्चों के गांव रवाना कर दिया गया है। जिला मुख्यालय सहित जिले में कोल्ड्रिफ् सहित प्रतिबंधित सिरप की बिक्री की जानकारी को लेकर ड्रग इंस्पेक्टर संजीव जादौन को बैतूल तलब किया गया है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा की बच्चों की मौत की वजह क्या है। जो भी है इस घटना के बाद नसम जनता में भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। स्वास्थ्य विभाग को गम्भीरता से जांच में यह भी स्पष्ट करना होगा कि प्रतिबंधित सीरप की सप्लाई और बिक्री कहीं जिले के मेडिकल स्टोरों पर भी तो नहीं हो रही है।

प्रशासन का दावा, जिले में कोल्ड्रिफ सिरप का विक्रय नहीं

जिले में कोल्ड्रिफ सिरप का उपयोग करने के बाद आमला ब्लॉक के दो बच्चों की मौत की खबर के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। इसके बाद खुद कलेक्टर ने अपना वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि दोनों बच्चों का इलाज बैतूल जिले के किसी भी शासकीय और निजी अस्पताल में नहीं हुआ और कोल्ड्रिफ सिरप का विक्रय भी नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि बालक गर्वित की मौत परासिया में इलाज के बाद उसके रिश्तेदार के घर लादी में हुई, जबकि कबीर का इलाज भी बैतूल जिले में नहीं हुआ है। कलेक्टर ने बताया कि मेडिकल टीम द्वारा किए गए निरीक्षण मेें भी जिले में कहीं पर भी कोल्ड्रिफ सिरप का विक्रय नहीं होना पाया गया। आमला क्षेत्र के छिंदवाड़ा जिले से सटे परासिया क्षेत्र लगा होने के कारण यहां के लोग उपचार के लिए रूख करते हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस मामले में गंभीरता से जांच कर रहा है। उन्होंने बताया कि कप सिरप को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।

इनका कहना…..

बच्चों की मौत की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। जांच के लिए चार सदस्यीय दल गठित कर दिया गया है। प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई और बिक्री की जानकारी लेने के किये ड्रग इंस्पेक्टर को तलब किया है।

डॉ मनोज हुरमाड़े, सीएमएचओ बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button