Betul Ki Khabar: सागौन दरबार में भूमि समतलीकरण को लेकर विवाद, पेड़ कटाई का आरोप – दूसरे पक्ष ने किया खंडन
Betul Ki Khabar: Dispute over land leveling in Sagoun Darbar, allegation of tree cutting - the other side denied

Betul Ki Khabar: बैतूल। भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर सागौन दरबार परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। कार्यक्रम स्थल पर जगह की कमी को देखते हुए शनिवार को सागौन दरबार के पास गड्ढों वाली जमीन पर भराव कार्य शुरू किया गया। इसी दौरान जबरन विवाद की स्थिति बन गई।
सागौन दरबार के प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों ने भराव कार्य कर रहे पक्ष पर पेड़ों की अवैध कटाई का आरोप लगाया और इसकी शिकायत वन विभाग के साथ मीडिया को भी कर दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने जांच की, लेकिन पेड़ कटाई के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले। केवल एक पहले से गिरा हुआ पेड़ हटाकर किनारे किया गया था। मौके पर मौजूद ब्राह्मण समाज के ऋषि दीक्षित ने बताया कि परशुराम चौक के पास गड्ढों वाली जमीन को समतल किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम स्थल को बेहतर बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि पेड़ कटाई का कोई प्रमाण मौजूद नहीं है और जिस जगह कार्य हो रहा है, वह सागौन दरबार मंदिर से काफी दूरी पर है। ऋषि दीक्षित ने आगे कहा कि भगवान परशुराम और सागौन वाले बाबा, दोनों हमारे पूज्य और आराध्य हैं। ऐसे में झूठे आरोप लगाकर समाज में अनावश्यक विवाद उत्पन्न करना उचित नहीं है। हमारा उद्देश्य सदैव समाज में एकता और समरसता बनाए रखना है। यदि इस स्थान का समतलीकरण हो जाता है तो भगवान परशुराम चौक और सागौन दरबार परिसर दोनों की सुंदरता में वृद्धि होगी। हालांकि कुछ समय बाद विवाद शांत हो गया। फिर भी समाज को समझदारी से काम लेते हुए इस तरह के बेवजह विवादों से बचना चाहिए, क्योंकि छोटे विवाद ही आगे चलकर बड़ी घटना का कारण बन सकते है।




