Betul News: एक्सक्लूसिव खबर: 18 वर्षों से बिना किराए के चल रही दुकानें, लीज भी रिन्यूअल नहीं

Betul News: Exclusive news: Shops running without rent for 18 years, lease not renewed

नजूल में मामला लंबित, नपा को हर वर्ष लाखों का फटका

Betul News: बैतूल। शहर भर में पसरा अतिक्रमण अब धीरे-धीरे नासूर बनता जा रहा है, लेकिन कोठीबाजार क्षेत्र में मस्जिद चौक से टिकारी रोड पर 17 दुकानों का संचालन पिछले 18 वर्षों से दुकानदार मुफ्त में कर रहे हैं। सड़क से सटकर दुकानें लगी हुई हैं, लेकिन मजबूरी है कि नपा यहां कार्यवाही नहीं कर सकती, क्योंकि पिछले 18 वर्षों से नजूल में मामला लंबित है। ऐसे में न ही दुकानदारों ने लीज रिन्यूअल करवाई है ,बल्कि नपा को भी किराए के रूप में हर वर्ष लाखों रुपए की चपत लग रही है। 100 स्क्वेयर फीट की सभी दुकानें अतिक्रमण के चलते पीछे तालाब तक पहुंच चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हुए हैं।

1984 में नपा ने 17 दुकानदारों को दिए थे पट्टे

लल्ली चौक से टिकारी की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर तालाब के किनारे नपा ने 1984 में कुल 17 दुकानदारों को पट्टे दिए थे। नियम के मुताबिक जगह के हिसाब से किराया भी तय कर दिया गया था। वर्ष 1984 से वर्ष 2006 तक तो सब कुछ ठीक ठाक रहा, लेकिन 30 नवम्बर 2007 में किसी वजह को लेकर दुकानदारों ने नजूल में प्रकरण फाइल कर दिया। इसे सिस्टम की सुस्त चाल ही कहा जाएगा कि प्रकरण को नजूल में फाइल हुए पूरे 18 वर्ष बीत चुके है, लेकिन इस प्रकरण का निराकरण आज तक नहीं हो पाया है। मुख्य मार्ग पर संचालित 17 दुकानें बिना किसी परेशानी के मुफ्त में संचालित हो रही हैं। कई नजूल अधिकारी आए और चले गए। यदि अधिकारी जिम्मेदारी के साथ इस प्रकरण का निराकरण करने में रुचि दिखाते तो आज नगरपालिका को लाखों रुपए का नुकसान नहीं झेलना पड़ता।

35 माह में रिन्यूअल कराए जाने का नियम अधर में

जानकारी के अनुसार वर्ष 1984 में अतिक्रमण की कार्यवाही के दौरान ही दुकानदारों की रोजी रोटी को ध्यान में रखते हुए नपा ने डेढ़ दर्जन दुकानदारों को पट्टे प्रदान किए थे। अनुबंध के मुताबिक सभी दुकानदारों को किराए के अलावा समयावधि में पट्टा भी रिन्यूअल करवाना था, लेकिन नजूल का पेंच ऐसा फंसा की पूरा मसला उलझ गया। नियम के मुताबिक प्रत्येक दुकानदार को हर 35 माह में अपना पट्टा रिन्यूअल करवाना था। किंतु लचर सिस्टम के चलते इन 18 वर्षों में पट्टे तक रिन्यूअल नहीं कराए जा सके हैं।

नपा के राजस्व अधिकारी बताते है कि चूंकि प्रकरण नजूल में प्रचलित है, जब तक निराकरण नहीं हो जाता हमारी मजबूरी है कि हम न पट्टे रिन्यूअल कर सकते हैं और न ही किराया वसूल कर सकते हैं। इंतजार करने के अलावा कोई दूसरा चारा भी नहीं है। जो भी है, लेकिन यह बात सही है कि जिस जगह पर यह 17 दुकानें काबिज है, वो मुख्य मार्ग पर स्थित है। यदि प्रकरण का त्वरित निपटारा कर यहां नपा काम्प्लेक्स का निर्माण भी करवाती है तो नपा को एक ही दुकान से लाखों रुपए की आय हो सकती है।

इनका कहना….

आपके द्वारा मेरे संज्ञान में यह जानकारी लाई है। इस संबंध में पता करेंगे कि प्रकरण किस स्थिति में है। जल्द निराकरण के प्रयास किए जाएंगे।

सतीश मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल

प्रकरण विचाराधीन है। इसकी जानकारी मुझे नहीं है। दस्तावेज या फाइल देखकर ही कुछ बता पाऊंगा।

मकसूद अहमद, नजूल अधिकारी बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button