Betul Ki Khabar: भीमपुर में एक और भ्रष्टाचार, अब बीआरसी ने ठेकेदार से डेढ़ लाख की रिश्वत
Betul Ki Khabar: Another corruption in Bhimpur, now BRC took bribe of 1.5 lakh from contractor

आडियो मेें शौचालय मरम्मत के लिए राशि मांगने का मामला सामने आया
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिले के सरकारी महकमो में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियो में रिश्वत का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। इसमें सबसे ज्यादा चर्चित भीमपुर ब्लाक हो रहा है। पिछले कुछ महीनों के भीतर ही सबसे पहले जेएच कालेज में करोड़ो रुपए का छात्रवृत्ति घोटाला सामने आया था। भीमपुर और चिचोली में 13 करोड़ 21 लाख रुपए के गबन का मामला अभी गर्म ही है । इसी बीच शिक्षा विभाग से जुड़ा रिश्वत का एक मामला फिर सामने आ है। भीमपुर बीआरसी सरेआम फोन पर ठेकेदार से डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगते एक्सपोज हो गए। रुपयों की गर्मी के चलते उन्हें इस बात का जरा भी अहसास नहीं हुआ कि फोन कॉल पर की जा रही रिश्वत की पेशकश की रिकार्डिंग वायरल भी हो सकती है, लेकिन हुआ ऐसा ही कॉल रिकार्डिंग वायरल हो गई और डर के मारे अब न बीआरसी मीडिया के कॉल रिसीव कर रहे हैं और न ही शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी।
यहां सुनें रिकॉर्डिंग
दरअसल पूरा मामला भीमपुर पंचायत शिक्षा केन्द्र का है, जहां पदस्थ बीआरसी रामदत्त जैसवाल फोन पर ठेकेदार से डेढ़ लाख रुपए दिए जाने की बात कर रहे हैं, बताया जा रहा है कि यह रकम बीआरसी द्वारा शौचालय निर्माण और मरम्मत के एवज में किये जाने वाला भुगतान किए जाने के लिए बीआरसी द्वारा मांगी जा रही थी। बातचीत की पूरी रिकार्डिंग वायरल होने के बाद समूचे महकमे में हड़कम्प की स्थिति व्याप्त है।
ठेकेदार को सता रहा था राशि लेप्स होने का डर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ठेकेदार हर्षित राजपूत द्वारा विकास खण्ड में शौचालय निर्माण और मरम्मत के काम किये गए थे, जिसका भुगतान लंबित होने से ठेकेदार भी परेशान था। 31 मार्च को उसे राशि लेप्स होने का डर भी सता रहा था। बीआरसी ने इसी मौके का फायदा उठाने की रचना रच डाली और भुगतान रिलीज करने के लिए डेढ़ लाख रुपए घुस की डिमांड कर दी।किंतु पासा तब उल्टा पड़ गया जब ठेकेदार और बीआरसी के बीच $फोन पर हुई बातचीत लीक हो गई।
24 शौचालय बने 30 हजार प्रति शौचालय मांगी रिश्वत
घूसखोरी के इस मामले को लेकर ठेकेदार हर्षित सिंह राजपूत ने बताया कि वर्ष 2023 के अंत मे उन्हें विकास खण्ड के 24 स्कूलों में शौचालय निर्माण का वर्क आर्डर दिया गया था। इस अवधि में बीआरसी द्वारा तीन दफे भुगतान रोके गए और तीनों दफे राशि लेप्स भी हुई । उन्होंने पूरी ईमानदारी से निर्माण कार्य करने के बावजूद 30 हजार रुपए प्रति शौचालय के हिसाब से राशि दिए जाने की मांग की जाती रही है। हाल ही में उन्हें फोन कर डेढ़ लाख रुपए बीआरसी द्वारा मांगे गए थे। शौचालयों के निर्माण में पहले ही काफी राशि खर्च हो चुकी है, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
साइलेंट मोड पर आया सिस्टम
भीमपुर के बीआरसी रामदत्त जैसवाल द्वारा खुलेआम डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगे का मामला सामने आने के बाद समूचे शिक्षा विभाग को मानो सांप सूंघ गया है। इस मामले को लेकर बीआरसी रामदत्त जैसवाल से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल नम्बर 9754927511 पर दो बार कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाह द्वारा क्या कार्यवाही तय की की जा रही है यह भी जानने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने भी फोन रिसीव नहीं किया। रिश्वत के इस मामले के सामने आने के बाद समूचे सिस्टम के साइलेंट मोड पर आ जाना बड़े अधिकारियो की नीयत पर भी सवाक खड़े कर रहा है।




