Betul News: प्रकृति परीक्षण अभियान में ओम आयुर्वेद के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास
Betul News: Om Ayurveda students created history in nature testing campaign

पूरे देश के 650 आयुर्वेद मेडिकल कालेजों को पछाड़कर बनाया कीर्तिमान
Betul News: बैतूल। आदिवासी बाहुल्य जिले बैतूल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा दी गयी जिम्मेदारी प्रकृति परीक्षण अभियान में जिले के एक मात्र ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज ने देश के 650 कॉलेजों को पछाड़कर पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके बाद केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने मुम्बई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज को ट्राफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कालेज के संचालक डॉ संदीप पाल, शल्य तंत्र प्रमुख एवं प्राचार्य डॉ वीरेंद्र शाह ने मुम्बई पहुंचकर यह सम्मान हासिल किया है।
मात्र 245 की कड़ी मेहनत ने दिलाई उपलब्धि
दरअसल आयुष मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वप्न परियोजना के तहत देश मे प्रकृति परीक्षण की शुरुवात की गई। इसके पहले चरण मे एक एप के जरिए आम नागरिकों के स्वास्थ्य की जानकारियां एकत्रित की जानी थी। जिसे प्रकृति परीक्षण नाम दिया गया। देश के नामी आयुर्वेदिक कालेजों के साथ साथ ओम आयुर्वेदिक कालेज को भी यह जिम्मेदारी मिली थी। यह जिले के लिए गौरव की बात है कि, कालेज के मात्र 245 स्टूडेंट और चिकित्सको, परीक्षकों ने चुनोती सहर्ष स्वीकार की। कालेज के प्राचार्य वीरेंद्र शाह ने बताया कि, कालेज के विद्यार्थियों ने दिन रात एक कर, गली, मोहल्ले, स्कूल , कालेज सार्वजनिक स्थलों पर घूम घूम कर एप के जरिये आम नागरिकों का प्रकृति परीक्षण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को लोगों की खरी खोटी भी सुनने को मिली, लेकिन जहां चाह होती है वहीं राह होती है। हम अपने उद्देश्यों में सफल हुए और देश के नामी गिरामी 650 आयुर्वेदिक कालेजों को पछाड़कर 87 हजार से अधिक नागरिकों के प्रकृति परीक्षण कर स्ट्राइक रेट में कीर्तिमान स्थापित कर दिया। जो हमारे छोटे से आदिवासी बाहुल्य जिले के लिए गौरव की बात है।इसके अलावा कालेज प्रबन्धन को सभी श्रेणियों में प्रकृति परीक्षण करने पर प्रदेश में चौथा और सभी श्रेणियों में सबसे ज्यादा प्रकृति परीक्षण करने पर पहले स्थान सहित तीन अवार्डों से नवाजा गया है।
5 गांव लिए गोद,प्रति मंगलवार अलग अलग ग्रामों में किया जा रहा केम्प
कालेज के संचालक डॉ. संदीप पाल ने बताया कि सेवा का ही परिणाम है कि, पिछले 5 वर्षों से कॉलेज शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम दे रहा है। सेवा को प्रथम प्राथमिकता दिए जाने के चलते प्रबंधन ने 5 जिले के 5 गांव गोद लिए हैं। जिनमें मंडईखुर्द, मरामझिरी, टेमनी, जामठी और कढ़ाई शामिल हैं जहां प्रतिमाह चिकित्सको द्वारा केम्प लगाकर प्रत्येक ग्रामवासियों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उन्हें दवाइयां दी जाती हैं। इसके अलावा प्रति मंगलवार किसी भी एक गांव में कैंप कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है।




