Ward Parikrama: महावीर वार्ड में फेल ड्रेनेज सिस्टम, बारिश में घर-घर जलभराव

भाजपा पार्षद का दर्द : अध्यक्ष भी अपनी, सरकार भी अपनी, फिर भी कोई सुनवाई नहीं

Ward Parikrama: बैतूल। शहर के मध्य स्थित नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-20 महावीर वार्ड में वर्षों से ड्रेनेज व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। हर बारिश के साथ वार्ड के दर्जनों घरों में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है। हालात इतने खराब हैं कि बारिश शुरू होते ही लोगों की रातों की नींद उड़ जाती है। जलभराव के कारण घरों में सांप-बि’छुओं के घुसने का खतरा भी लगातार बना रहता है।

वार्ड की भाजपा पार्षद वर्षा रमेश बारस्कर ने भी व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ‘अध्यक्ष भी हमारी है और सरकार भी हमारी, लेकिन मेरी कोई सुनने वाला नहीं है।Ó उन्होंने बताया कि ड्रेनेज समस्या को लेकर नगर पालिका से लेकर जनसुनवाई तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

वार्डवासियों के अनुसार चांदनी चौक से कंपनी गार्डन तक बनी मुख्य नाली मिट्टी से पैक हो गई है और रखरखाव के अभाव में बारिश का पूरा पानी वार्ड के अंदर भर जाता है। स्थिति इसलिए और गंभीर हो जाती है क्योंकि प्रताप, देशबंधु, कृष्णपुरा और अंबेडकर वार्ड का पानी भी महावीर वार्ड में आकर जमा हो जाता है, जबकि निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है।

जलभराव से बचने के लिए कई परिवारों ने अपने घरों के मुख्य द्वार के सामने घुटने तक ऊंची दीवारें बना ली हैं, लेकिन तेज बारिश में यह उपाय भी नाकाफी साबित होता है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष यही स्थिति बनती है, लेकिन नगर पालिका स्थायी समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं कर रही।

महावीर वार्ड में केवल ड्रेनेज ही नहीं, बल्कि सड़कों और नालियों की बदहाल स्थिति भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। वार्डवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं को भूल जाते हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित नहीं की गई तो आने वाले मानसून में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।

क्या कहते हैं वार्डवासी

 वार्ड में जलभराव सबसे बड़ी समस्या है। बारिश के दौरान हालात इतने खराब हो जाते हैं कि घरों में घुटनों तक पानी भर जाता है। ऐसे समय घर में रहना भी मुश्किल हो जाता है। यह नई नहीं, बल्कि कई वर्षों पुरानी समस्या है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका।

अंजली प्रजापति, वार्डवासी

बारिश के समय घरों में पानी के साथ जहरीले जीव-जंतु भी घुस आते हैं। वार्ड में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सब भूल जाते हैं। समस्या के समाधान के नाम पर केवल आश्वासन ही मिलता है।

नेहा रघुवंशी, वार्डवासी

चांदनी चौक से कंपनी गार्डन तक मुख्य सड़क किनारे बनी नाली पूरी तरह मिट्टी से भर चुकी है। यदि इस नाली का पुनर्निर्माण या गहरी सफाई कर दी जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सूर्यकांत ठाकरे, वार्डवासी

जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश में सड़कें तालाब बन जाती हैं और घरों में पानी घुस जाता है। वार्डवासियों ने कई बार नगर पालिका में शिकायत की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। फेल ड्रेनेज सिस्टम के कारण सबसे अधिक परेशानी आम लोगों को उठानी पड़ रही है।

वंदना दाते, वार्डवासी

ड्रेनेज सिस्टम को लेकर कई बार शिकायत कर चुकी हूं : पार्षद

वार्ड में ड्रेनेज सिस्टम सबसे बड़ी समस्या है। इस संबंध में मैं नगर पालिका से लेकर जनसुनवाई तक आधा दर्जन से अधिक बार शिकायत कर चुकी हूं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। नगर पालिका अध्यक्ष से लेकर प्रदेश सरकार तक हमारी ही पार्टी की है, फिर भी इस गंभीर समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसका खामियाजा वार्डवासियों के साथ-साथ मुझे भी उनकी नाराजगी के रूप में भुगतना पड़ता है। हालांकि, वार्ड में कई स्थानों पर सड़क और नालियों का निर्माण कराया गया है। ड्रेनेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक हेमंत खंडेलवाल से भी चर्चा की है। उन्होंने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया है।

वर्षा रमेश बारस्कर, पार्षद महावीर वार्ड

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें

👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t

बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button