Betul Samachar: बस स्टैंड पर बिना पुलिस का सहायता केन्द्र, शाम को ही लगती ड्यूटी
Betul Samachar: There is no police help center at the bus stand, duty is only in the evening.

निर्देश के बावजूद नहीं हटा अतिक्रमण, अनैतिक गतिविधियां चरम पर
Betul Samachar: बैतूल। कोठी बाजार बस स्टैंड पर संचालित अनैतिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस सहायता केन्द्र बनाकर निर्णय लिया था कि सहायता केन्द्र पर एक आरक्षक और एक सिपाही की स्थाई ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि बस स्टैंड पर होने वाली अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके, लेकिन विंडबना है कि पुलिस विभाग ने सहायता केन्द्र तो बना दिया पर आज तक इस सहायता केन्द्र पर कोई पुलिसकर्मी नजर तक नहीं आया।
पिछले दिनपों कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने निरीक्षण के दौरान बसस्टैंड के पिछले हिस्से में अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके आदेशों का पालन भी यहां पर नहीं हो पाया। दिन भर बस स्टैंड पर हजारों की संख्या में लोगों का आना-जाना बना लगा रहता। खुलेआम यहां पर असामाजिक तत्वों का डेरा भी लगा रहता है। ऐसे में यहां पर किसी भी बड़ी घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। सुरक्षा की दृष्टि से यहां पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए।
दिन भर सट्टा एजेंटों की आवाजाही
जानकारी के मुताबिक बसस्टैंड पर अनैतिक गतिविधियां संचालित किए जाने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां दिन भर सट्टा-पट्टी लिखने वाले एजेंटों का आना-जाना लगा रहता है। बसस्टैंड पर बेखौफ होकर एजेंट घूम-घूम कर सट्टे की पट्टी लिख रहे हैं। बसस्टैंड पर दुकानें लगाने वाले दुकानदारों को तो इन गतिविधियों की पूरी खबर है, लेकिन पुलिस सहायता केन्द्र होने के बावजूद पुलिसकर्मियों को इसकी भनक ना होना कई सवालों को भी जन्म दे रहा है। पुलिस के मुताबिक शाम के वक्त बसस्टैंड पर पुलिस की तैनाती की जाती है, लेकिन यह तैनाती दिन में भी की जाए तो सटोरियों की गतिविधियों पर अंकुश लग सकता है।
बसस्टैंड के पीछे अतिक्रमण यथावत
कुछ माह पहले कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने बसस्टैंड का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की थी। इस दौरान बसस्टैंड के पिछले हिस्से में मैदान पर बसे सुधारने वाले मैकेनिकों सहित अन्य दुकानें लगी हुई देखकर कलेक्टर ने इन दुकानों को हटाए जाने के सख्त निर्देश अधिकारियों को दिए थे, लेकिन इसे विडंबना ही कहा जाएगा कि इन अतिक्रमणों को आज तक हटाया नहीं जा सका है। सूत्र बताते हंै कि रात्रि के वक्त इस सुनसान मैदान पर शराब खोरी सहित कई प्रकार की अनैतिक गतिविधियां की जाती है, लेकिन रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है, जिससे बसस्टैंड का माहौल और भी ज्यादा खराब होते जा रहा है।
इनका कहना…
बसस्टैंड पर शाम के वक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती है, ताकि अनैतिक गतिविधियां संचालित ना हो। समय-समय पर यहां गश्त भी की जाती है।
रविकांत डहेरिया, थाना प्रभारी, कोतवाली बैतूल
- यह भी पढ़ें : Betul News: रास नहीं आ रही एसडीएम की अदला-बदली




