Betul News: पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक लाइन शिफ्टिंग के लिए होगी पेड़ों की कटाई
Betul News: Trees will be cut for shifting the line from Petrol Pump to Lalli Chowk.

इसके बाद शुरू होगा डामरीकरण, नपा ने तेज की प्रक्रिया
बैतूल। नौ दिन चले अढ़ाई कोस की तर्ज पर बन रही पेट्रोल पंप लल्ली चौक सड़क पर शनिवार सुबह थोड़ी हलचल नजर आने से लग रहा है कि अब जल्द से जल्द सड़क का डामरीकरण शुरू कर दिया जाएगा, क्योंकि वैसे भी इस सड़क के निर्माण में बरती जा रही लेटलतीफी के चलते शासन प्रशासन को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। शनिवार लल्ली चौक पर आर्य समाज मंदिर के सामने लगे बरगद और पीपल के बड़े पेड़ों की छंटाई की गई है। जिनसे छूकर बिजली के तार लटके नजर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर ठेकेदार द्वारा जल्द डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।
लाइन सहित दो ट्रांसफार्मरों की होगी शिफ्टिंग
दरअसल बस स्टैंड से लेकर लल्ली चौक तक ठेकेदार ने सड़क के दोनों तरफ अर्थ वर्क पूर्व में ही कर लिया था, लेकिन पोल और लाइन शिफ्टिंग के लिए अतिक्रमण आड़े आ रहा था। अतिक्रमणकर्ताओं को चेतावनी दिए जाने के बाद अब सड़क के दोनों किनारों पर डामरीकरण करने का रास्ता साफ हो चुका है। नगरपालिका ने बिजली पोल भी खड़े कर दिए हैं।
आज बरगद और पीपल के पेड़ों की छंटनी भी कर दी है। विद्युत शाखा प्रभारी अमित सक्सेना ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग के लिए बिजली कम्पनी से परमिट मांगा गया है। लाइन शिफ्टिंग के साथ साथ ज्योति टाकीज और एमजी कम्प्लेक्स के सामने लगे हुए दोनों ट्रांसफॉमर कम्पनी गार्डन की तरफ जाने वाली सड़क के किनारे शिफ्ट किए जाएंगे। जैसे ही परमिट मिलेगा शिफ्टिंग शुरू कर दी जाएगी।
- यह भी पढ़े: MP News: एमपी को एक के बाद एक मिल रही सौगात, इन चार शहरों के लिए बनेगा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर
आज ही मिलना था बिजली कम्पनी से परमिट
जानकारी के मुताबिक लाइन और ट्रांसफॉमर शिफ्टिंग के लिए नगर पालिका को परमिट बिजली कम्पनी द्वारा दिया जाना था। किंतु आज से ही बोर्ड परीक्षाओं की शुरुवात भी हो चुकी है। स्कूलों में परीक्षाएं भी चल रही है। यही वजह है कि बिजली कम्पनी के अधीकारियों ने परमिट स्थगित कर दिया। लेकिन जैसे ही समय अनुकूल मिलेगा लाइन शिफ्टिंग के लिए नगर पालिका को परमिट जारी कर दिया जाएगा।
इनका कहना…..
परीक्षा की वजह से आज परमिट कैंसिल किया गया है। परमिट मिलते ही लाइन और ट्रांसफार्म शिफ्ट किये जायेंगे।
अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा बैतूल




