Betul News: वाईट टॉपिंग सड़क पर अब विधायक की नजर, पहले बनेगी नालियां, ठेकेदार को 7 दिन का अल्टीमेटम
Betul News: Now the MLA's eyes are on white topping road, first the drains will be built, 7 days ultimatum to the contractor

सीएमओ को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश, जनता को राहत देने की तैयारी
Betul News: बैतूल। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक हेमंत खंडेलवाल ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आगामी बारिश से पहले शहर की सभी प्रमुख सड़कों, नालियों और अन्य विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को मानसून के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसी कड़ी में नगरपालिका ने बस स्टैंड से लल्ली चौक तक सड़क निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है। अब विधायक की नजर लल्ली चौक से कोतवाली चौक तक प्रस्तावित वाइट टॉपिंग सड़क पर है। जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर दोनों ओर नालियों का निर्माण होना है, जिसके टेंडर पहले ही हो चुके हैं। हालांकि कुछ दस्तावेजी प्रक्रिया शेष होने के कारण काम प्रारंभ नहीं हो पाया था।
ठेकेदार को 7 दिन में कार्य आरंभ करने का निर्देश
विधायक हेमंत खंडेलवाल ने इस देरी को गंभीरता से लेते हुए नगरपालिका के सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि सात दिनों के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। इस आदेश के बाद अधिकारियों में हलचल है और काम शीघ्र शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
ड्रेनेज टेंडर हुए, लेकिन अनुबंध लंबित
लल्ली चौक से कोतवाली चौक तक की सड़क की हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। इसका मुख्य कारण रहा हैबविफल ड्रेनेज सिस्टम। विधायक ने सड़क की दीर्घकालिक गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए पहले ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने पर ज़ोर दिया है। इसके लिए उनके प्रयासों से 1.57 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई, और नगरपालिका द्वारा टेंडर भी जारी कर दिए गए। बावजूद इसके, अभी तक संबंधित ठेकेदार द्वारा अनुबंध प्रक्रिया पूर्ण नहीं की गई है। हालांकि अब विधायक के सक्रिय हस्तक्षेप के बाद प्रशासन और ठेकेदार के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि अगले एक सप्ताह में ड्रेनेज कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
ड्रेनेज का काम नपा करेगी, सड़क बनाएगी पीडब्ल्यूडी
लल्ली चौक से कोतवाली चौक तक की सड़क को वाइट टॉपिंग तकनीक से बनाया जाएगा, जिससे इसकी आयु लगभग 25 वर्षों तक बनी रहेगी। यह कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 2.50 करोड़ है। इसका टेंडर भोपाल की कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। ड्रेनेज निर्माण का दायित्व नगरपालिका पर रहेगा।
दोनों कार्य साथ चलेंगे, काम में नहीं होगा विलंब
वर्तमान में यह संशय बना हुआ है कि पहले सड़क बनेगी या नाली। इस विषय में जब पीडब्ल्यूडी के एसडीओ और तकनीकी विशेषज्ञ अखिल कवड़े से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि सड़क और ड्रेनेज का कार्य एक साथ किया जा सकता है। इससे न केवल पानी की निकासी का उचित प्रबंधन हो पाएगा, बल्कि कार्य की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। उन्होंने यह भी बताया कि भोपाल से सड़क की ड्राइंग और डिजाइन को स्वीकृति मिल चुकी है और ठेकेदार का प्लांट भी शीघ्र स्थल पर स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रयास है कि आगामी 15 दिनों में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया जाए।




