Betul News: गर्मी में प्यासे वन्य प्राणियों को शहर से दूर रखने की तैयारी, वन विभाग अलर्ट मोड पर

जंगलों में झिरिया की सफाई और कुंडों में होगी पानी की व्यवस्था
Betul News: बैतूल। गर्मी का मौसम शुरू होते ही जंगलों में पानी की कमी के चलते वन्य प्राणियों के शहरी क्षेत्रों में प्रवेश की आशंका बढ़ जाती है। इस खतरे को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
विभाग ने वन्य प्राणियों को जंगलों में ही पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर वन मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें बजट की मांग की गई है। प्रयास किये जा रहे हैं कि कोई भी वन्य प्राणी पानी की तलाश में आबादी की ओर रुख ना कर पाए और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यदि जंगलों में ही पानी की समुचित व्यवस्था कर दी जाए तो वन्य प्राणियों का शहरों और गांवों की ओर रुख करने की प्रवृत्ति पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से झिरियों (प्राकृतिक जल स्रोतों) की सफाई, नए पानी के कुंडों का निर्माण और उनमें नियमित रूप से पानी भरने की योजना बनाई गई है।
उत्तर वन मंडल के डीएफओ नवीन गर्ग ने बताया कि गर्मी के दौरान वन्य प्राणियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए बजट की मांग की गई है और बजट मिलते ही जंगलों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फील्ड में तैनात वन कर्मचारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सभी जल स्रोतों को चालू स्थिति में बनाए रखें और उनकी नियमित निगरानी करें।
पानी के चक्कर मे कई वन्य प्राणियों की जा चुकी जान
गौरतलब है कि हर साल गर्मी के मौसम में पानी की तलाश में वन्य प्राणी जंगलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच जाते हैं। ऐसे में वे कई तरह के खतरों का सामना करते हैं। कई बार वे शिकारियों का शिकार भी बन जाते हैं या फिर आवारा कुत्तों के हमले में अपनी जान गंवा देते हैं। इसके अलावा सड़क हादसों में भी वन्य प्राणियों की मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं।
वन विभाग का यह प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है, क्योंकि इससे वन्य प्राणियों की जान बचाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, योजना की सफलता पूरी तरह से मैदानी अमले की जिम्मेदारी और सक्रियता पर निर्भर करेगी। यदि जमीनी स्तर पर सही तरीके से काम किया गया तो इस बार गर्मी में वन्य प्राणियों के शहरों की ओर भटकने की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
इनका कहना….
वन्य प्राणियों के लिए जंगल मे ही पानी की व्यवस्था हो इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजा गया है। बजट मिलते ही व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएगी।
नवीन गर्ग, डीएफओ उत्तर वन मण्डल बैतूल।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




