Betul Ki Khabar: धरती आबा योजना में जिले के 554 गांवों की बदलेगी सूरत : प्रभारी मंत्री
Betul Ki Khabar: Appearance of 554 villages of the district will change under Dharti Aaba Yojana: Minister in charge

एक गांव पर 11-12 करोड़ रुपए किए जाएंगे खर्च, पत्रकारवार्ता में सवालों का जवाब देने से बचे मंत्री
Betul Ki Khabar: बैतूल। केन्द्र सरकार ने आदिवासी बाहुल्य ग्रामों को विकसित करने के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान की शुरुआत की है। इस योजना के तहत जनजातीय बाहुल्य पंचायत व गांव की सूरत बदलने वाली है। इन गावों में अलग-अलग योजनाओं के तहत विकास कार्य किए जाएंगे। एक गांव में विकास कार्य पर करोड़ों रुपए की राशि खर्च होगी। यह बातें जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता ने कही। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हाल ही में केन्द्र की मोदी सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान में बैतूल जिले के 554 गांवों को चिन्हित किया गया है।
इन सभी गांवों में 25 योजनाओं के तहत अलग-अलग विकास कार्य किए जाएंगे। सड़क, बिजली, पानी, इंटरनेट सेवा सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर इन गांवों को उत्कृष्ट गांव बनाया जाएगा। इन गांव में जहां भी मूलभूत सुविधाएं नहीं है, वहां मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। विकास कार्य होने से इन ग्रामों की सूरत बदल जाएगी। गांव-गांव तक विकास पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता में है। पहली मर्तबा प्रभारी मंत्री पटेल ने कहा कि इन ग्रामों में विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए है। जिन ग्रामों तक सड़कें नहीं पहुंची है, उन ग्रामों तक पक्की सड़कें बनाई जाएगी। प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली मर्तबा पत्रकारों से रूबरू हुए पटेल कई सवालों का जवाब नहीं दे सके। चुबते सवालों से बचते हुए उन्होंने महज पंद्रह मिनट में पत्रकारवार्ता खत्म कर दी। इस दौरान भी वे पत्रकारों के सवालों के जवाब पर कलेक्टर से चर्चा करते रहे। कलेक्टर से जानकारी लेने पर पत्रकारों को जानकारी दी।
एक ग्राम पर 11-12 करोड़ होंगे खर्च
धरती आबा योजना के तहत ग्राम में विकास कार्य होंगे। इसके लिए केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा राशि जारी की जाएगी। प्रभारी मंत्री पटेल ने बताया कि धरती आबा योजना के तहत एक ग्राम में विकास कार्य के लिए लगभग 11-12 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस ग्रामों में 25 योजनाओं के तहत विकास कार्य किए जाएंगे। धरती आबा योजना में जिले के 554 ग्राम चिन्हित है, जिसमें से 440 ग्रामों को दूरसंचार सेवा से जोड़ दिया है। शेष ग्रामों को भी दूरसंचार सेवा से जोड़ा जाएगी। इन सभी ग्रामों में सरकारी दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल की सेवाएं पहुंचेगी। कंपनी ने अभी अपनी 4जी सेवाओं को लाइव कर दिया है। जल्द ही 5जी सेवाओं की शुरुआत भी हो जाएगी। दूरदराज के ग्राम इंटरनेट सेवा से जुड़ जाएंगे।
राजस्व निराकरण के मामले में बैतूल प्रदेश में नंबर-1
पत्रकारवार्ता में प्रभारी मंत्री ने बताया कि बैतूल जिले में राजस्व संबंधित प्रकरणों का निराकरण तेजी से किया जा रहा है। बैतूल के राजस्व के मामले में प्रदेश में नंबर-1 पर है। राजस्व के लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए अभियान चलाया गया, जिसमें बड़े स्तर पर प्रकरणों का निराकरण हुआ है। इसके अलावा गांव-गांव में जलजीवन मिशन योजना के तहत पेयजल के लिए शुद्ध पानी उपलब्ध हो रहा है। प्रभारी मंत्री ने कई योजनाओं को बेहतर बताते हुए अधिकारियों की तारीफ की है।
सहायक आयुक्त की पदस्थापना पर मंत्री ने साधी चुप्पी
पत्रकारवार्ता में मीडियाकर्मियों द्वारा प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल से कई सवाल किए। मंत्री ने अधिकांश सवालों को नजर अंदाज कर दिया। मीडियाकर्मियों ने मंत्री से पूछा कि बैतूल की सहायक आयुक्त कई वर्षों से बैतूल में ही पदस्थ है। अभी तक सहायक आयुक्त का ट्रांसफर नहीं हुआ। इस पर प्रभारी मंत्री ने चुप्पी साध ली और सवाल को नजर अंदाज कर दिया। मीडियाकर्मियों ने नजरअंदाज करने पर कई बार सहायक आयुक्त के लंबे समय से पदस्थ होने पर प्रश्न किए, लेकिन मंत्री ने कोईजवाब नहीं दिया। मीडियाकर्मियों ने मंडी की अव्यवस्थाओं के संबंध में प्रभारी मंत्री को जानकारी दीं।
मंत्री ने कहा कि किसानों के लिए मंडी में बेहतर व्यवस्थाएं की जाएगी। खाद की किल्लत के बारे में प्रभारी मंत्री ने बताया कि डीएपी की अभी किल्लत बनी हुई है। इसकी जगह किसान दूसरी खाद का उपयोग कर सकते है। खाद की किल्लत को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जलजीवन मिशन के तहत हो रहे भ्रष्टाचार के मामलों को भी मीडियाकर्मियों ने प्रभारी मंत्री के सामने प्रमुखता से रखा। जिला मुख्यालय के प्रधानमंत्री जनऔषधी केन्द्र पर पर्याप्त दवाएं होने होने की जानकारी मीडियाकर्मियों ने प्रभारी मंत्री को दी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जल्द ही दवाओं की कमी को भी पूरा किया जाएगा।




