भाजपा नेता आत्महत्या मामले में भोला-शमीम को पुलिस ने दबोचा
हर बार दो आरोपियों की गिरफ्तारी चर्चा का विषय

बैतूल। सारणी के चर्चित रविन्द्र देशमुख आत्महत्या मामले में पुलिस को तीसरी सफलता हाथ लगी है। बैतूल पुलिस ने इनामी राशि बढ़ने के बाद आरोपी भोला सिंह और शमीम रजा को भी हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि इन दोनों आरोपियों को गुरुवार ही पकड़ लिया गया था, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक इसकी जानकारी मीडिया को देने से पुलिस बचती रही।
वहीं दूसरी तरफ घटना में आरोपी बनाए गए आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी एक संयोग चर्चा का विषय बना हुआ है कि हर बार पुलिस के हाथों केवल दो ही आरोपी लग रहे हैं। कभी ऐसा देखने को नहीं मिला कि पुलिस ने एक को या फिर एक साथ तीन आरोपियों को राउंडअप किया हो। जो भी है, लेकिन पुलिस की सक्रियता और गम्भीरता का ही नतीजा है कि आरोपी दो-दो के क्रम में कम से कम हिरासत में तो लिए जा रहे हैं। हालांकि आरोपियों को कहां से हिरासत में लिया। इसके लिए पुलिस जिम्मेदार कुछ भी बताने से इंकार कर रहे हैं। यही वजह है कि मीडिया को वास्तविक जानकारी नहीं मिल पा रही है।
कल ही पुलिस ने 3 से 5 हजार की थी ईनामी राशि
बगडोना के भाजपा नेता रविन्द्र देशमुख द्वारा कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या करने के बाद मिले सुसाइड नोट में क्षेत्र के 10 नामचीन लोगो को मौत जा जिम्मेदार बताया गया था। पुलिस ने पहली खेप में दो, दूसरी खेप में भी दो और तीसरी खेप में भी दो आरोपियों भोला सिंह और शमीम रजा को दबोच लिया। कल ही इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी निश्चल एन झारिया ने इनामी राशि 3 हजार से बढ़ाकर 5 हजार की थी। 10 में से 6 आरोपियों के गिरफ्तार होने के बाद अब एक महिला आरोपी सहित, चार आरोपियों की गिरफ्तारी होनी बाकी है। हालांकि इन आरोपियों को कहां से गिरफ्तार किया गया। इस विषय मे पुलिस ने कोई भी जानकारी साझा नहीं की है।