Betul Ki Khabar: शेयर मार्केट में लाखों डूबने के बाद अचानक गायब हुआ युवक, नदी किनारे मिली बाइक
Betul Ki Khabar: Young man suddenly disappeared after losing lakhs in share market, bike found on river bank

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
Betul Ki Khabar: बैतूल। शेयर मार्केट में लाखों रुपए डूबने के बाद एक युवक के लापता होने की जानकारी पुलिस के लिए पहेली बन गई है। पेशे से फार्मासिस्ट युवक कल रात से गायब है। पुलिस को उसकी बाइक और मोबाइल आज शनिवार हमलापुर माचना के समीप मिला है। लेकिन युवक के पानी मे डूबकर आत्महत्या करने जैसे कोई तथ्य अभी तक सामने नहीं आ पाए हैं, क्योंकि नदी में लगातार तलाश के बाद भी कुछ पता नहीं चल पाया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि युवक कहीं और तो लापता नहीं हो गया। फिर भी पुलिस दोनों एंगल को द्रष्टिगत रखते हुए तलाश में जुटी हुई है।
घटना को लेकर गंज थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया ने बताया कि, आज सुबह हमलापुर माचना नदी में युवक मनीष अडलक के डूबने की जानकारी मिली थी। मौके पर उसकी बाइक और मोबाइल फोन भी मिला है। डूबने की आशंका को देखते हुए नदी में तलाश की जा रही है लेकिन दोपहर 2 बजे तक युवक का पता नहीं चल पाया। श्री डेहरिया ने बताया कि युवक के सम्बंध में जब पूछताछ की गई तो जानकारी मिली कि मनीष को पूर्व में शेयर मार्केट में करीब 14 लाख रुपए का नुकसान हो चुका था।
कल भी वह कुछ पैसा हार गया था।जिससे वह परेशान भी था। शुक्रवार की रात्रि कुछ दोस्तों के साथ उसने दुकान में ही बैठकर शराब पी और शुक्रवार की रात अचानक लापता हो गया। हालांकि नदी में उसे तलाश किया जा रहा है। लेकिन दूसरी तरफ मनीष के कहीं और भी चले जाने की संभावना दिख रही है । क्योंकि वह पहले भी दो बार इस तरह की हरकत कर चुका है। फिलहाल गुमशुदगी दर्ज कर दोनो एंगल से उसकी तलाश की जा रही है।




