Betul News: कॉलेज चौक पर खुदाई में पाइप लाइन का वॉल क्षतिग्रस्त, हजारों लीटर पानी बहा व्यर्थ

जल सप्लाई प्रभावित, मरम्मत के बाद व्यवस्था बहाल करने में जुटा नगर पालिका अमला
Betul News: बैतूल। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र कॉलेज चौक पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के दौरान नगर पालिका की मुख्य पाइप लाइन का वॉल क्षतिग्रस्त हो जाने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह गया। इस घटना के कारण न केवल नगर पालिका को आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि कई वार्डों में जल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलेज चौक पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य इन दिनों युद्ध स्तर पर जारी है। सोमवार की शाम को खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से कार्य करते समय नगर पालिका की मुख्य पाइप लाइन का वॉल अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। वॉल टूटते ही तेज प्रेशर के साथ पानी बाहर निकलने लगा और देखते ही देखते सड़क पर पानी फैल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार काफी देर तक पानी लगातार बहता रहा, जिससे बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ नष्ट हो गया।
बताया जा रहा है कि जिस पाइप लाइन का वॉल क्षतिग्रस्त हुआ, उसी पाइप लाइन के माध्यम से पानी की टंकी भरी जाती है। वॉल टूटने के कारण टंकी तक पानी पहुंचाना संभव नहीं हो सका, जिससे शहर के कई क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित रही। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका परिषद बैतूल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया गया। नगर पालिका के कर्मचारियों ने बताया कि पाइप लाइन का आकार बड़ा होने और पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण मरम्मत कार्य में काफी कठिनाई आई। कर्मचारियों को वॉल बदलने और पाइप लाइन को सुरक्षित करने के लिए विशेष प्रयास करने पड़े। देर रात तक मरम्मत कार्य जारी रहा, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका।
गौरतलब है कि कॉलेज चौक पर चल रहे चौड़ीकरण कार्य के दौरान यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी खुदाई के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे नगर पालिका को नुकसान उठाना पड़ा था और जल आपूर्ति बाधित हुई थी। बार-बार पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से यह सवाल उठने लगा है कि खुदाई कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियां क्यों नहीं बरती जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि चौड़ीकरण कार्य के दौरान पाइप लाइन और अन्य आवश्यक संरचनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों और शहरवासियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं नगर पालिका अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगे से कार्य के दौरान अधिक सतर्कता बरती जाएगी और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इनका कहना…
खुदाई के दौरान जेसीबी से पाईप लाईन के वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। जिसका मरम्मत कार्य पूरा कर पानी की सप्लाई कर दी गई है।
धीरेन्द्र राठौर
नपा जल शाखा प्रभारी, बैतूल




