Betul Nagar Palika: नपा के बहाने भाजपाई राजनीति में बड़ा उबाल
Betul Nagar Palika: Big boil in BJP politics on the pretext of NAPA

अब पूर्व नपा उपाध्यक्ष रजनी वर्मा को नपा अध्यक्ष बनाने की उठी मांग, सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा
Betul Nagar Palika: बैतूल। जिला मुख्यालय की नगरपालिका में मच रही उठापटक के बीच अब नया बवाल सामने आया है। विधायक हेमन्त खण्डेलवाल के बेहद करीबी रहे पूर्व भाजपा पार्षद राजेश वर्मा की पार्षद पत्नी रजनी वर्मा को अब नपा अध्यक्ष बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया पर उठने से बवाल मच गया है। इसके लिए वर्मा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर अपनी इस मंशा को जाहिर भी कर दिया है। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद भाजपा खेमे में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
दूसरी तरफ बाजारों में चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो चुका है। हालांकि भाजपा संगठन ने इस तरह की मंशा को सिरे से नकार दिया है। यह वर्तमान नपा अध्यक्ष पार्वती बारस्कर के लिए अच्छे संकेत कहे जा सकते हैं।
समाज के जनप्रतिनिधियों को दरकिनार करने की उभरी टीस
वर्मा समाज के अमन वर्मा द्वारा फेसबुक पर की गई पोस्ट ने नपा की राजनीति का पारा आसमान पर पहुंचा दिया है। अमन वर्मा ने स्थानीय राजनेताओं पर सीधा आरोप लगाया है कि कुर्मी-वर्मा समाज के जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक हलकों में नजर अंदाज किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक ही समाज को प्राथमिकता देना गलत है। भाजपा को इस बार वरिष्ठ महिला पार्षद रजनी वर्मा को ही अध्यक्ष बनाना पड़ेगा। भाजपा में हमारे समाज का प्रतिनिधित्व नगण्य हो चुका है।
जनप्रतिनिधि भी दरकिनार किए जा रहे हैं। आज स्थिति यह है कि बैतूल विधायक हेमन्त खंडेलवाल के प्रबल समर्थक पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा को जिला संगठन ने घर बैठा रखा है। फेसबुक पर डाली गई इस पोस्ट का वर्मा समाज के डॉ.रानू वर्मा, प्रदीप वर्मा , विनय वर्मा, गोलू वर्मा तथा लोकेश वर्मा सहित समाज के लोगों ने समर्थन दिया है। ऐसे में भविष्य में नपा की राजनीति में भारी उबाल आने के यह संकेत भाजपा को भारी पड़ सकती है।
कुर्मी समाज को पहले ही मिला महत्व
कुर्मी समाज के लोगों ने सोशल मीडिया पर भले ही समाज की वरिष्ठ पार्षद रजनी वर्मा को नपा अध्यक्ष बनाने का शिगूफा छेड़ा है, लेकिन हकीकत यह है कि समाज की ही दुर्गावती संजय वर्मा को बैतूल बाजार नगर परिषद का अध्यक्ष बनाया है। दो साल पहले भाजपा ने स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय वर्मा की पत्नी को नपा अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। ऐसे में भाजपा समाज की इस मांग को शायद ही पूरा करे पाएं, क्योंकि पहले से ही समाज को एक प्रमुख नगर परिषद में महत्व दिया गया है।
अंदर ही अंदर पक रही खिचड़ी क्या गुल खिलाएगी?
नगर पालिका परिषद में वर्मा कुर्मी समाज से ताल्लुक रखने वाली रजनी राजेश वर्मा को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग से यह स्पष्ट हो चुका है कि अब जिले की राजनीति में इस समाज का दखल भी शुरू हो चुका है। चर्चा है कि नपा की राजनीति में कई पार्षद गुपचुप तरीके से मौजूदा अध्यक्ष की कुर्सी खींचने के लिए अंदर ही अंदर खिचड़ी पका रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम तक पहुंचाने के लिए नपा की राजनीति में गहरा दखल रखने एक भाजपा नेता पूरे प्लान को लीड कर रहे हैं। वर्मा समाज के इस विरोध को भी इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। अगर प्लान सक्सेस होता है तो आने वाले दिनों में नपा की राजनीति में बड़ा बदलाव भी देखने को मिल सकता है।




