Betul Samachar: माननीय के सीएम को दिए जा रहे फीडबैक को लेकर क्यों हो रही चर्चा?? पार्टी के महीनों से नहीं मिले फंड से अध्यक्ष जी हुए बेबस…. एक पूर्व माननीय के दूसरे क्षेत्र में जाकर पूजा करने के कैसे निकल रहे मायने???? पढ़िए विस्तार से हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में……
Betul Samachar: Why is there discussion about the feedback being given to the Honorable CM?? The President became helpless due to the funds not received

माननीय के फीडबैक से अफसरों में हड़कंप
एक माननीय की धमाचौकड़ी के कारण इन दिनों अफसरों की सांसे फूली हुई है। एक सुरक्षित विधानसभा सभा के यह माननीय अफसरों से कई दिनों से नाराज चल रही। पिछले दिनों उन्होंने सीएम को भी अपनी व्यथा सुनाई थी। इसके बाद जिले के दो शीर्ष अफसर अलग-अलग दिनों में उनके आवास पर पहुंचे। अफसरों के पहुंचने के बाद भले ही उनके तेवर ठंडे हुए लेकिन चर्चा है कि सीएम के तवज्जों दिए जाने के बाद वे अब सीधे अफसरों को लेकर सीधे फीडबैक दे रही है। सीएम को बताया जा रहा है कि जिले के कौन सा अफसर क्या गुल खिला रहा है। माननीय के फीडबैक देने का असर सीएम हाउस से भी देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि राजनैतिक गलियारों में माननीय के फीडबैक देने के बाद अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है। कई अफसर उनसे मिलने के लिए उनके आवास पहुंच रहे हैं।
फंड की कमी से परेशान अध्यक्ष जी
एक पार्टी के युवा अध्यक्ष इन दिनों पार्टी के फंड से खासे परेशान है। कहा जा रहा है कि महीनों से पार्टी ने फंड नहीं भेजा है। इसका असर कई खर्चों पर भी दिखाई दे रहा है। भुगतान को लेकर पार्टी अध्यक्ष के पास लगातार फोन घनघना रहे हैं, लेकिन वे हो जाएगा का हवाला देकर लंबे समय से टालमटोली कर रहे हैं। चर्चा है कि यहां से बिल बनाकर भोपाल संगठन को भेजे जा चुके हैं, लेकिन चुनाव की व्यस्तता के कारण पार्टी ने फंड जारी नहीं किया। इसी वजह लाखों रुपए के भुगतान पर अड़ंगा लग गया है। कई लोग तो ऐसे हैं कि पार्टी के दफ्तर पर भी जाकर भुगतान के लिए गुहार लगा चुके हैं। हालांकि किसी को भी चार-पांच माह से भुगतान नहीं किया है। भुगतान न होने को लेकर खूब चर्चा चल रही है।
नेताजी के दर्शन के निकल रहे मायने
एक पूर्व माननीय लंबे समय से चुनरी यात्रा निकालते आ रहे हैं। उनकी इस यात्रा को हर बार जबरदस्त प्रतिसाद मिलते आ रहा है। हालांकि इस बार उन्होंने नहले पर दहला मारते हुए उद्गम स्थल पर मां के दर्शन कर राजनैतिक गलियारे में हलचल मचा दी है। जिस जगह उन्होंने दर्शन किए वह क्षेत्र पहले से ही पार्टी के दिग्गज नेता का वर्चस्व वाला क्षेत्र है। ऐसे में पहली मर्तबा जयंती के दिन उन्होंने जिस तरह कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी सहभागिता निभाई इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। चर्चा यह भी चल रही है कि अपनी ही पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व माननीय को क्या वे उनके क्षेत्र में चुनौती देंगे?





