Today Betul News: आईजी ने पुलिसकर्मियों को दिए फिटनेस के उपयोगी टिप्स
Today Betul News: IG gives useful fitness tips to policemen

दो दिवसीय प्रवास में परेड का निरीक्षण किया, दरबार में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्या
Today Betul News: बैतूल। नर्मदापुरम संभाग के आईजी इरशादवली ने अपने दो दिवसीय प्रवास के आखरी दिन शुक्रवार को पुलिस विभाग के कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। आईजी सुबह जेएच कालेज में प्रशासन द्वारा आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराने के बाद विभागीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस मौके पर एसपी निश्चल एन झारिया तथा एएसपी कमला जोशी ने आईजी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
गौरतलब है कि आईजी के दौरे को लेकर पूर्व से ही तैयारियां की जा रही थी। जिले के सभी पुलिस थाने और चौकियों में पदस्थ स्टाफ को अलर्ट मोड पर रखा गया था। सूर्य नमस्कार के पश्चात आईजी इरशाद वली खान पुलिस ग्राउंड पहुंचे जहां उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की फिटनेस का अवलोकन किया बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने कुछ कर्मचारियों को फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की नसीहत देते स्वस्थ रहने के टिप्स भी दिए। इसके बाद विभाग की अन्य शाखाओं में भी पहुंचकर आईजी ने व्यवस्थाएं देखी।

थानों में चाकचौबंद थी व्यवस्था
आईजी के दौरे को लेकर सभी थानों में व्यवस्थाएं चाक चौबंद थी, क्योंकि इस बात की संभावना ज्यादा थी कि आईजी किसी भी थाने में पहुंचकर औचक निरीक्षण कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने परेड निरीक्षण के बाद सिर्फ गंज थाने का ही निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आईजी ने लॉकअप, थाने के रिकार्ड, मालखाने के विषय मे अधिकारियों से जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं में बदलाव करने के निर्देश दिए। थाने के निरीक्षण के बाद कंट्रोल रूम परिसर में दरबार लगाया।
जानकारी मिली है कि दरबार मे उपस्थित पुलिस कर्मियों की समस्याओं को लेकर आईजी ने पूरी गम्भीरता दिखाई। कई कर्मचारियों ने स्वास्थ्य, आवास, तथा अपनी पारिवारिक समस्याएं आईजी के समक्ष रखी जिनका निराकरण किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मीडिया से की गई बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस दरबार में पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गई हैं। यह सुनिश्चित किया गया है कि कर्मचारियों के हितों में कितना अच्छा किया जा सकता है। लगभग 1 घण्टे तक दरबार मे कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद आईजी नर्मदापुरम रवाना हो गए।





