Today Betul News: प्रशासनिक कोना: कचरा स्टॉफ से परेशान आखिर कौनसे साहब बोरिया- बिस्तर समेटने की तैयारी में?? एक टीआई को मलाईदार थाने की कमान दिलाने हवलदार कर रहे लॉबिंग??? किस दलाल की सक्रियता से थाने में धमाचौकड़ी???? पढ़िए पूरी खबर हमारे चर्चित कॉलम प्रशासनिक कोना में……
Today Betul News: Administrative Corner: Troubled by the garbage staff, which sir is preparing to pack the bags??

कचरा स्टाफ से परेशान साहब का मूड खराब
Today Betul News: जिला मुख्यालय के राजस्व विभाग के एक साहब का काम में मन नहीं लग रहा है। काम में मन न लगने की वजह वह किसी पारिवारिक या अन्य कारणों से नहंी बल्कि यहां के कचरा स्टाफ से परेशान है। कई दिनों से उनकी तहसील में स्टाफ की फेरबदल नहीं हुई। वे ईमानदारी से कालोनी सहित अन्य कामों को बड़े साहब के निर्देश पर करने की तैयारी करते हैं, लेकिन अंगद की पैर की तरह जमे कर्मचारी मीन मेख निकाल दे रहे हैं। इससे साहब बेहद ही परेशान है। उन्हें बड़े साहब को कई मामलों में जवाब तक देना मुश्किल हो रहा है।
स्टाफ अक्सर अवैध कालोनाइजरों और माफियाओं से घिरा रहता है, इससे भी साहब खासे नाराज है। खबर है कि साहब ने अपने बड़े साहब को भी यहां न रहने की गुहार लगाई। देखना यह है कि बड़े साहब छोटे साहब को दूसरी जगह भेजते हैं या छोटी मछलियों के कार्यभार में फेरबदल करते हैं। बताते चले कि यह साहब पूर्व में भी कुछ दिनों ेके लिए जिम्मा संभाले थे, तभी उन्होंने कचरा स्टाफ के साथ काम का तर्जुबा लिया, लेकिन एक साहब के मंत्री निजी स्टाफ में जाने के बाद उनकी जगह इन साहब को जिम्मेदारी दी गई।
टीआई को मलाईदार थाना दिलाना हवलदारों की लाबिंग
अब तक टीआई स्तर के अधिकारियों को मलाईदार थाना दिलाने के लिए मंत्री, सांसद, विधायक की सिफारिश तो सभी ने सुनी है, लेकिन लाइन में पदस्थ एक कार्यवाहक निरीक्षक के लिए बैतूल या मुलताई थाने का टीआई बनाने के लिए चार हवलदारों की लाबिंग सुर्खियां बटोर रही है। चूंकि हवलदार राजनीति रसूख रखते हैं, इसलिए पंचायतों के मुखिया कहलाएं जाने वाले एक बड़े नेता के जरिए उन्हें कार्यवाहक निरीक्षक को मुलताई थाना या बैतूल कोतवाल बनाने के जमकर प्रयास किए जा रहे हैं।
चार हवलदारों को सौंपी गई इस जिम्मेदारी का अंत कहा होगा, यह किसी को पता नहीं है, लेकिन पावरफुल हवलदारों की लाबिंग की खबर कहीं कप्तान तक पहुंच गई तो लेने के देने पड़ सकते हैं। यह वही हवलदार है जो कार्यवाहक निरीक्षक के उपनिरीक्षक रहने के दौरान सारणी, पाथाखेड़ा, भौंरा समेत जिले के अन्य स्थानों पर पदस्थापना के दौरान साथ में काम कर चुके हैं। लाइन में पदस्थ इन कार्यवाहक निरीक्षक के बारे में कहा जाता है कि वे अक्सर शाम को मदिरा पान का भी शौक फरमाते हैं।
दलाल की सक्रियता से परेशान लोग
जिला मुख्यालय और पड़ोसी बैतूल बाजार थाने में एक दलाल की सक्रियता से थानेदारों की तो मौज है, लेकिन आम लोग काफी परेशान है। चर्चा है कि यह दलाल कई मामलों में सीधे हस्तक्षेप कर लोगों और पुलिस के बीच सेतू का काम कर रहा है। कई मामले ऐसे हैं, जिसमें लाखों का लेनदेन होने के बाद सुलह नहीं हुई तो दलाल आम लोगों के निशाने पर आ गया। दलाली के लिए चर्चित यह युवक पहले भी थानों में विभीषण की भूमिका निभा चुका है, लेकिन पूर्व कप्तान की सख्ती के बाद दाल नहीं गलने से फिर बिदक गया था। अब इस दलाल ने बैतूल और बैतूलबाजार के थानों में सक्रियता बढ़ा दी है। इसे थानों के अंदर बैठा देखा जा सकता है। पूर्व में एक टीआई के नजदीक रहे इस दलाल की पेट्रोल पंप में भी पार्टनशिप रही है।





