Betul News: मुलताई में वाहन चलाने के विवाद पर बिगड़े हालात, एक नहीं दो घटनाएं हुई
Betul News: Situation worsens in Multai over driving dispute, not one but two incidents occur

आरएसएस प्रचारक और घड़ी व्यवसायी के साथ मारपीट, धारा 144 लगाई, स्कूलों में अवकाश, दो उपनिरीक्षक निलंबित
Betul News: बैतूल/मुलताई। मुलताई में गुरुवार शाम दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद शहर में उपजे तनाव के बाद शुक्रवार दूसरे दिन स्थिति सामान्य हो गई। हालांकि एहतियात बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर के सभी शासकीय और निजी स्कूलों मेें विद्यार्थियों का अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस मामले में चौकाने वाली बात सामने आई है कि वाहन चलाने को लेकर एक नहीं, दो विवाद के बाद यहां के हालात बिगड़े। पहली घटना आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव के साथ फव्वारा चौक पर हुई। यह मामला थमा ही नहीं था कि दूसरी घटना कुछ मिनट बाद प्रमुख घड़ी व्यवसायी करण पिता अनिल देशमुख के साथ हुई। उनसे भी समुदाय विशेष के 15 युवकों ने बाइक रोकने का विवाद हो गया।
इसके बाद पूरे नगर में तनाव निर्मित हो गया। पुलिस ने इस मामले में दोनों ही रिपोर्ट के आधार पर 15 युवकों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसपी वीरेंद्र जैन ने देर रात टीआई देवकरण डेहरिया को लाइन अटैच कर आठनेर थाना प्रभारी परिहार को मुलताई का टीआई बना दिया तो शुक्रवार सुबह लापरवाही के बाद यही पदस्थ दो उपनिरीक्षकों छत्रपाल धुर्वे और रघु काकोड़े को निलंबित कर दिया है। इधर कलेक्टर ने सांप्रादायिक तनाव को देखते हुए पूरे जिले में बड़ा कदम उठाते धारा 163 (144) लगा दी है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे आरएसएस के जिला प्रचारक शिशुपाल यादव अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। यादव ने बताया कि शाहरुख, शोहेल, आबिद और जुनेद समेत अन्य युवकों ने गाली-गलौज की और हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने तलवार से वार किया, सोने की चैन छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ देर बाद जैन कोल्ड्रिंक के सामने घड़ी व्यवसायी अनिल देशमुख और साथियों के साथ दूसरे समुदाय के युवकों का विवाद हो गया।
उन्होंने मुलताई थाने में लिखाई रिपोर्ट के अनुसार अपने साथी भवानी गावंडे, रीतेश विश्वकर्मा, डॉ राजेंद्र ठाकुर, दीपेंद्र पठाड़े के साथ बताया कि उनकी इलेक्ट्रिानिक दुकान है और हिंदू समाज सेवा करते हैं। शाम 5.30 बजे वे अपनी बाइक से जैन कोल्डिं्रक के सामने से निकल रहे थे, तभी दो बाइक चालकों ने उनका रास्ता रोक लिया। इनमें शाहरूख, सोहेल, आबिद और जुनैद थे। उन्होंने बाइक रोकने का कारण पूछा तो उन्होंने गालियां और मारपीट की। उन्होंने मारपीट की घटना की सूचना फव्वारा चौक पहुंचकर अपने साथियों को दी। इसके बाद अचानक दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। हंगामा और पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दोनों पक्षों को अलग किया।
रात में थाने का घेराव, तोड़फोड़ और प्रदर्शन
रात में आरएसएस प्रचारक से मारपीट के विरोध में बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। भीड़ ने थाने के सामने नारेबाजी की, तोड़फोड़ की और कुछ जगहों पर फलों और ठेलों को पलट दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एएसपी कमला जोशी मुलताई पहुंचे। स्थिति की गंभीरता देखते हुए पांढुर्णा, आठनेर, अमला और बैतूल से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। रात में प्रशासन ने शहर में धारा 144 लागू कर दी ताकि किसी भी प्रकार की भीड़ या अप्रिय स्थिति न बने। तनाव को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्य मार्गों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। एहतियातन सभी निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
एसपी ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी
आरएसएस प्रचारक की शिकायत पर पुलिस ने शाहरुख, शोहेल, आबिद, जुनेद, अलताफ खान, हिमांशु, फैलज, शाहिल, अकबर अली, शोयब, सुफियान, हमजर, अनस और आवेश सहित कई लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया है। एसपी वीरेंद्र जैन ने कहा कि जो भी कानून अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही भड़काऊ पोस्ट या संदेशों से दूर रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और आपसी सौहार्द बनाए रखें।
जिले में धारा 144 लगाई
इधर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने मुलताई में उपजी स्थिति के बाद धारा 163 लगा दी है। आदेश में स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति समूह या संस्था सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार, आग्नेयास्त्र, डंडा, हॉक स्ट्रीक राड लेकर नहीं चल सकेंगे और न इसका प्रदर्शन किया जाएगा। कलेक्टर ने बिना अनुमति के कहीं पर भी सभा, धरना प्रदर्शन, रैली या सार्वजनिक कार्यक्रम बिना प्रशासन के अनुमति के आयोजित न करने के निर्देश दिए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने और धार्मिक या संप्रदायिक भावनाएं आहत करने वाली सामग्री न डालने की अपील की है। वाट्सएप समेत सोशल मीडिया के ग्र्रुपों पर सांझा न करने की हिदायत दी है। ऐसे में ग्रुप एडमिन को भी जिम्मेदार माना जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति के टेंट, पंडाल लगाने और रास्ता बाधित करने पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है।




