Betul Aviadh Colony News : जिन कालोनियों की सबसे अधिक शिकायत, पटवारी पहुंचे नहीं

औपचारिकता निभाकर अवैध कालोनियों की रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप रहे

Betul Aviadh Colony News :  बैतूल। कलेक्टर के निर्देश पर पूरे जिले में अवैध कालोनियों को चिन्हित किया जा रहा है। इसके लिए पिछले एक पखवाड़े से एसडीएम और तहसीलदार के निर्देश पर अन्य कामों के साथ राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी कालोनियों के रिकार्ड छान रहे हैं। कुछ जगह से शिकायतें आ रही हैं कि पटवारी मौके पर गए बिना औपचारिक रिपोर्ट बनाकर अधिकारियों को सौंपने की तैयारी मेे है। कुछ जगह रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है। कुल मिलाकर अपनों को बचाने के लिए कई अवैध कालोनियों की रिपोर्ट अधिकारियों तक न पहुंचाने की पुख्ता तैयारियां कर ली गई है।

सांझवीर टाईम्स द्वारा पिछले कुछ दिनों से अवैध कालोनियों को लेकर समाचार प्रकाशित किए जा रहे हैं। इसका असर यह हुआ कि पटवारी और आरआई अवैध कालोनियों का सर्वे तेजी से कर रिपोर्ट एसडीएम के माघ्यम से कलेक्टर तक पहुंचा रहे हैं।

कुछ तहसीलों से जानकारी सामने आई है कि यहां पटवारियों पर काम का बोझ अधिक है, इसलिए अवैध कालोनियों के सर्वे का काम शुरू ही नहीं किया गया है। इसे बड़ी चूक और लापरवाही कहा जा सकता है। कुल मिलाकर इसे कलेक्टर के आदेश की अवहेलना कहे तो ज्यादा बेहतर होगा। कुछ क्षेत्रों में अवैध कालोनियों के सर्वे का काम काफी कछुआ चाल से चल रहा है, इसलिए कलेक्टर तक रिपोर्ट पहुंचने में लंबा समय लग सकता है।

रडार वाली कालोनियों के नाम सूची से गायब कैसे?

इधर जानकार सूत्रों ने बताया कि बैतूल ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई पुरानी विवादित और रडार वाली कालोनियों के नाम पटवारियों की सूची से गायब हो गए हैं। जब रिपोर्ट अधिकारियों के पास पहुंची तो कई दिग्गजों के नाम सूची में आने पर हैरत जताई जा रही है, जबकि इन कालोनियों के नाम सबसे ऊपर थे, इनमें टिकारी क्षेत्र की कालोनियों की संख्या सबसे अधिक है। बटामा और बड़ोरा की कॉलोनियों में भी कई कॉलोनियों के नाम सामने नहीं आए हैं। इससे क्षेत्र के पटवारी और आरआई कटघरे में आ खड़े हुए हैं।

घर पर बैठकर बनाई रिपोर्ट

एक सूत्र ने बताया कि बटामा क्षेत्र में पिछले दस वर्षों में 100 से अधिक कालोनियों काटकर प्लाट बेच दिए गए हैं। इनमें से 90 प्रतिशत कालोनियों अवैध है, लेकिन कलेक्टर के आदेश पर पुरानी और नई कालोनियों के सर्वे में इनके नाम नदारद है।

कहा जा रहा है कि कुछ नामी कालोनाइजरों ने पटवारी और आरआई के साथ घर बैठकर कालोनियों की लिस्ट बना डाली। इससे यह स्थिति निर्मित हो रही है। एसडीएम के पास पहुंची प्रारंभिक सूची के अनुसार टिकारी क्षेत्र में भी जमकर गड़बड़झाला हुआ है। इसके अलावा घोड़ाडोंगरी, मुलताई क्षेत्र में भी कई कालोनियां में इस तरह की शिकायतें सामने आई हैं कि जिसमें कई अवैध कालोनियों का नाम सूची से गायब है।

इनका कहना…

अभी मतगणना के काम में व्यस्त है। मतगणना खत्म होते ही अवैध कालोनियों को लेकर समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को रिपोर्ट तलब करेंगे।

नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button