Betul Payjal Supply : ताप्ती बैराज की मोटर खराब, एनीकेट में भी पानी की कमी

शहर के वार्डों में पानी सप्लाई बाधित, नलों के आने का रास्ता तक रही जनता

 

Betul Payjal Supply : बैतूल। भीषण गर्मी में जहां पानी की आमजन को बेहद आवश्यकता महसूस हो रही है, वहीं नगरपालिका की लापरवाही की वजह से आज शहर में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। मंगलवार को पानी की सप्लाई नहीं होने से लोग परेशान नजर आए। बताया जा रहा है कि ताप्ती नदी पर बने बैराज से एनीकट तक पाइप लाइन के जरिए पानी लाया जाता है। यहां लगी एक मोटर पहले से ही खराब थी तो वहीं दूसरी मोटर के भी खराब होने से पानी की सप्लाई शहर में ठप हो गई। इधर लाखापुर डेम से भी एनीकट तक नगरपालिका अभी तक पानी नहीं ला सकी है। इसके पीछे अधिकारियों का तर्क है कि रेत माफियाओं के माचना नदी में किए अवैध उत्खनन के चलते यह समस्या निर्मित हुई है। इधर अधिकारियों का कहना है कि शाम तक लाखापुर डेम का पानी एनीकेट तक पहुंच जाएगा और शहर के वार्डों में पानी की सप्लाई भी शुरू कर दी जाएगी।

अधिकारियों की मनमानी, नतीजा भुगत रही जनता

नगरपालिका परिषद द्वारा पहले से ही वार्डों में एक दिन के अंतराल में पानी की सप्लाई दी जाती है। मंगलवार सुबह से ही शहर के दो दर्जन से अधिक वार्डों में रहने वाले हजारों लोगों को पानी नसीब नहीं हुआ। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। इसकी पड़ताल करने पर पता चला कि ताप्ती बैराज से एनीकट तक पानी इसलिए नहीं आ पाया कि मोटर खराब हो गई। बताया जाता है कि यहां पर लगी एक अन्य मोटर पहले से ही बंद पड़ी है। हालात तो तब बिगड़े जब एनीकट में पर्याप्त पानी नहीं होने से यहां से भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। हालात यह रहे कि लोग परेशान होते नजर आए। एनीकट में पानी की कमी ना हो, इसके लिए नगरपालिका द्वारा पिछले गुरुवार ही लाखापुर डेम से पानी छोड़ा गया था, लेकिन पूरे पांच दिन बीत जाने के बावजूद पानी एनीकेट तक नहीं आ सका है। अधिकारी इसके पीछे माचना नदी में हुए रेत के अवैध उत्खनन को जिम्मेदार बता रहे हैं

बिन पानी सब सून- Betul Payjal Supply

आमतौर पर गर्मी के दिनों में आमजन को पानी की बेहद आवश्यकता होती है। मंगलवार सुबह से ही लोग नलों के आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन नलों ने पानी नहीं उगला। यह स्थिति शहर के दो दर्जन से अधिक वार्डों में देखी गई। तिलक वार्ड निवासी मोनू दीक्षित, रहमान खान, पार्वती सोनेकर ने बताया कि घर मे पानी के स्टोरेज के पर्याप्त संसाधन नहीं होने की वजह से पानी पूरी तरह खत्म हो चुका है। कपड़े , बर्तन धोने के अलावा नहाने के लिए भी घर मे पानी नहीं है। लग रहा था कि नल आएंगे, लेकिन सप्लाई अभी तक नहीं दी गई है। गर्मी से बचने के लिए कूलर एक सहारा था, लेकिन पानी नहीं होने की वजह से कूलर भी नहीं चल पा रहे हैं। पीने और खाना बनाने के लिए निजी ट्यूबवेल वालों से थोड़ा-थोड़ा पानी लिया है पर पानी की सप्लाई कब दी जाएगी।

शाम तक सप्लाई का अधिकारी दे रहे भरोसा

शहर में छाए पेयजल संकट को लेकर जब अधिकारियों से चर्चा की गई तो यह भरोसा दिया गया कि शाम तक शहर में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी, लेकिन अधिकारियों का यह तर्क इसलिए गले के नीचे नहीं उतर रहा कि एनीकेट खाली पड़ा हुआ है। लाखापुर से पानी अभी तक एनीकेट तक नहीं पहुंच पाया है। ताप्ती बैराज की मोटरें खराब हैं। अगर शाम तक लाखापुर डेम का पानी एनीकेट तक पहुंच भी जाता है तो पानी को फिल्टर कर टंकियों तक पहुंचाने में भी काफी समय लगेगा। ऐसे में यह कहना बेमानी होगा कि शाम तक वार्डों में पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

इनका कहना…..

ताप्ती बैराज की मोटर सुधरवाने भोपाल भेजी गई है। रेत के उत्खनन की वजह से माचना में बड़े गड्ढे कर दिए गए हैं, इसकी वजह से पानी धीमी रफ्तार से चल रहा है। गड्ढे भरवा दिए गए हैं , शाम तक सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

नगेन्द्र वागद्रे , जल शाखा प्रभारी, नगर पालिका बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button