Betul News: लाड़ले नेता हेमन्त के आगमन पर बारिश के साथ बरसे फूल
Betul News: Flowers showered with rain on the arrival of beloved leader Hemant

धार बेरियर से भाजपा कार्यालय तक जगह -जगह हुआ भव्य स्वागत, बैनर-पोस्टर से पटा शहर
Betul News: बैतूल। राजनीति के क्षेत्र में चमकते सितारे जिले के लाड़ले नेता बैतूल विधायक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल के प्रथम नगर आगमन पर भारी बारिश भी जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं कर सकी। धार बेरियर से लेकर भाजपा कार्यालय विजय भवन तक दर्जनों जगहों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया। युवा, महिला और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सड़कों पर बारिश के बीच फूलों की भी बरसात हो रही थी, स्वागत मंचों पर ढोल-नगाड़ों और हेमन्त खण्डेलवाल जिंदाबाद के नारे गूंज रहे थे। जैसे ही खण्डेलवाल का काफिला सोनाघाटी नाके पर पहुंचा उनका स्वागत करने की होड़ लग गई।

यहां से खण्डेलवाल खुली जीप पर सवार हुए, जीप में उनके साथ आमला-सारणी विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, पूर्व जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला सवार थे। खास बात यह है कि जितनी भी जगह उनका स्वागत हुआ सभी जगह उन्होंने गाड़ी से उतरकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत सत्कार को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। पूरे शहर को अभिनंदन के बैनर- पोस्टर से पाट दिया गया था। सोनाघाटी चक्कर रोड से होते हुए जुलूस भाजपा कार्यालय विजय भवन पहुंचा , जहां मुख्य कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को एकता और पार्टी को मजबूत करने का मूल मंत्र दिया।

पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस पर पौधे लगाने का दिया संदेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खण्डेलवाल की स्वागत बेला जिले की सीमा पर बसे धार बेरियर से ही शुरू हो चुकी थी। उनका काफिला पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला से स्वागत किया। धार बेरियर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और बैतूल से पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित भाजपा अध्यक्ष के स्वागत की शुरुआत की। यहां करीब 10 मिनट कार्यकर्ताओं से चर्चा कर काफिला जैसे ही भौंरा पहुंचा हाइवे पर घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा बाई उइके के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने कार्यकर्ताओं में होड़ लग गई। हेमन्त खंडेलवाल जिंदाबाद के नारों से आसमान गूंज उठा।अपने स्वागत से अभिभूत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भाजपा के आदर्श श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म दिवस है इसलिए उनके नाम से एक पौधे जरूर लगाएं।
हमारा कर्तव्य है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में पार्टी को और ज्यादा मजबूत बनाने की तरफ अपने कदम बढ़ाएं। यहां से निकलने के बाद काबिला बरेठा तिराह पहुंचा। यहां पर आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे के नेतृत्व में सारणी और आमला विधानसभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। नीमपानी के पास भाजपा नेता अतीत पवार, दीपू सलूजा, आनंद प्रजापति, जामठी में जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने सौ वाहनों के काफिले के साथ नवनिर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत किया। भारत भारती पहुंचने पर आवासीय विद्यालय में उन्होंने पौधरोपण किया। इस दौरान उन्हें भारत भारती आवासीय विद्यालय के सचिव और जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष का काफिला सोनाघाटी में प्रवेश करते हुए सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने ढोल ढमाकों से अपने नेता का स्वागत किया।

काफिले में शामिल सैकड़ों वाहन,सोनाघाटी नाके पर स्वागत करने कार्यकर्ताओं में लगी होड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल के काफिले में सैकड़ंो वाहन शामिल थे। जैसे ही काफिला सोनाघाटी नाके पर पहुंचा उनका स्वागत करने कार्यकर्ताओं की होड़ लग गई। हर कोई सपने चहेते नेता को पुष्प हार पहनाकर उनका स्वागत करना चाहता था। सोनाघाटी में स्वागत सत्कार के बाद काफिले ने शहर में प्रवेश किया काफिला जुलूस में तब्दील हो गया। स्तिथि यह थी कि, हर दस कदम पर स्वागत द्वार लगाकर कार्यकर्ता गर्मजोशी के साथ अपने नेता का स्वागत करने खड़े हुए थे। खंडेलवाल भी अपने कार्यकर्ताओं की भावनाओं का पूरा सम्मान कर उनका अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। इस दौरान चक्कर रोड, पानी की टंकी, कोतवाली चौक, मरही माता मंदिर, गांधी चौक, लल्ली चौक, बसस्टैंड, पेट्रोल पम्प चौराहा , शिवाजी चौक, कंट्रोल रूम चौराहा, तांगा चौक गंज, कांतिशिवा चौक, मैकेनिक चौक होते हुए भाजपा कार्यालय विजय भवन पहुंचा।

भाजपा कार्यालय में आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद प्रथम नगर आगमन को लेकर भाजपा कार्यालय विजय भवन में ऐतिहासिक स्वागत के इंतजाम किए गए थे। लाडले नेता का स्वागत और बधाई देने के किए जिले के दसों ब्लॉकों और ग्रामीण क्षेत्रो से हजारों कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे थे। यहां करीब आठ हजार कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जैसे ही भाजपा कार्यालय पहुंचे, यहां जमकर आतिशबाजी शुरू कर दी गई। खंडेलवाल को फूल मालाओं से लाद दिया गया। इस दरम्यान कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। प्रत्येक कार्यकर्ता भीड़ को चीरते उन तक पहुंचने की कोशिश करता नजर आ रहा था। भाजपा कार्यालय में उन्होंने हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।




