Weather Update: 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तेज हवाएं
Weather Update: Strong winds will blow at a speed of 30 to 40

बैतूल में फिर बारिश का यलो अलर्ट, फसलें भी लगातार प्रभावित
Weather Update: बैतूल। गर्मी के दिनों में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने बैतूल जिले में फिर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोकेदार हवाएं चलने और व्रजपात के साथ झंझावात का अलर्ट जारी किया है। पिछले चार-पांच दिनों से सुबह के समय धूप खिलती और दोपहर या फिर शाम को तेज बादल बरसने लग जाते है। बेमौसम हो रही बारिश ने लोगों को परेशान करके रखा है। प्रतिदिन बारिश होने से ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा है कि गर्मी का मौसम चल रहा होगा।
मौसम विभाग भोपाल ने रविवार को जारी की गई एडवायजरी में बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान नर्मदापुरम, बैतूल, अनुपपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा सहित अन्य जिलों में गरज चमक के साथ व्रजपात होने और झंझावात, झोकेदार हवाएं चलने के साथ-साथ बारिश होने की संभावना बनी है। इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आया है।
बेमौसम बारिश से आम की फसलें बर्बाद
गर्मी के दिनों में हो रही बारिश से आम की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। इसी तरह बारिश होते रही तो जिलेवासियों को देशी आम का स्वाद चखने को नहीं मिलेगा। तेज हवा चलने और बारिश के कारण कई जगह आम की कैरियां झड़कर नीचे गिर गई है। ऐसे में आम के उत्पादन में भी इसका सीधा असर देखने को मिलेगा। बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई आम की फसल से आम के दामों में महंगाई की मार देखने को मिल सकती है।
बारिश का दौर ऐसे ही चलते रहा तो जिलेवासियों को देशी आम की स्वाद कम चखने को मिल सकता है। इस बार अधिकतर क्षेत्रों में आम की फसल अच्छी आई है। किसानों ने आम की अच्छी पैदावार की संभावना जताई थी, लेकिन बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
सब्जी की फसलें भी हो रही बर्बाद
बारिश ओलावृष्टि के कारण सब्जी की फसलें भी बर्बाद हो रही है। किसानों का कहना है कि तेज बारिश के कारण सब्जियों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। एक-दो दिनों पहले जिले के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई थी। जिससे टमाटर की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि से टमाटर में दाग आ गए है। कई किसानों ने धनिया बोया था, बारिश के कारण धनिया की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। आने वाले दिनों में लोगों को सब्जी की महंगाई की मार से भी जूझना पड़ेगा।





