Betul News : बंद सड़क बनी हादसे का कारण
Betul News: Closed road became the reason for the accident

काली चट्टान के नीचे लीकेज होने से नपा ने खोदी थी सड़क, दस दिन में भी मरम्मत नहीं
Betul News : (बैतूल)। शंकर वार्ड में काली चट्टान के नीचे से बैतूल-परासिया- छिंदवाड़ा टू लेन पर पाइप लाइन में आए लीकेज के कारण नपा द्वारा 10 दिन पहले खोदी गई सड़क की अब तक मरम्मत नहीं हो पाई है। नगर पालिका ने पाइप लाइन की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है, लेकिन टेस्टिंग के नाम पर इसे अब तक ठीक नहीं किया है। इस वजह दोपहिया वाहन सकरे रास्ते से निकलने पर हादसे का शिकार हो रहे हैं।
कालापाठा से गंज पहुंच मार्ग भी पिछले दस दिनों से बंद रहने के कारण वाहन चालकों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
काली चट्टान से नीचे शहर को पानी आपूर्ति के लिए जाने वाली मुख्य
पाइप लाइन एक पखवाड़े पहले सोनी कांप्लेक्स के पास क्षतिग्रस्त हो गई थी। पांच दिनों तक इसमें लगातार हजारों लीटर पानी बहता रहा पर नगरपालिका ने कोई सुध नहीं ली। क्षेत्र के लोगों ने पार्षद को भी इस संबंध में सूचना दी थी, लेकिन उन्होंने भी ध्यान नहीं दिया। कुछ जागरूक नागरिकों ने सीएमओ और जल शाखा प्रभारी को इस संबंध में शिकायत की तो बीते गुरुवार से इसका काम शुरू किया गया।
नगरपालिका ने वैसे पाइप लाइन लीकेज दो दिन में मरम्मत कर दी, लेकिन टेस्टिंग के कारण खोदी गई सड़क को अभी तक बहाल नहीं की है। हालांकि दो दिनों तक शहर में पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित रही। नगरपालिका ने भले ही तेजी से काम कर पाइप लाइन का मरम्मत कार्य कर लिया, लेकिन आगे चलकर सोनी कांप्लेक्स के सामने बैतूल- छिंदवाड़ा फोरलेन पर भी एक लीकेज मिल गया। करीब पांच फीट सड़क के हिस्से को खोदना पड़ा। वैसे दोनों जगह लीकेज के पाइंट मिलने के बाद इसे बंद कर दिया गया है।
हादसे का कारण बना मार्ग
फिलहाल काली चट्टान से गंज मार्ग पाइप लाइन लीकेज के लिए खोदने से बंद पड़ा हुआ है। अस्थाई रूप से दो पहिया वाहन यहां से निकल रहे हैं, लेकिन पिछले पांच दिनों में 3-4 हादसे इस सड़क पर हो चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो गुरुवार को भी एक 13 वर्षीय बालक एक्टिवा वाहन से गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। क्षेत्र के लोगों ने घायल बालक का इलाज करवाया। ताज्जुब की बात यह है कि मरम्मत का काम पूरा होने के बावजूद नगरपालिका ने गंभीरता न दिखाते हुए इसकी मरम्मत नहीं की। हमेशा लेटलतीफी और लापरवाही के कारण नगरपालिका के जिम्मेदारों की वजह से इस तरह की नौबत आती है। गंभीरता न दिखाने के कारण अक्सर अक्सर हादसे होते आ रहे हैं।
इनका कहना…
यह बात सही है कि पाइप लाइन लीकेज सुधारने के बाद जल शाखा ने गड्ढें का भराव कर मार्ग शुरू कर देना था। आज ही प्राथमिकता से इस काम को पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ बैतूल।




