Betul Ki Khabar: सड़क खुदाई में फूटा पाइपलाइन कनेक्शन, हजारों लीटर पानी बहा व्यर्थ

Betul Ki Khabar: Pipeline connection burst during road digging, thousands of liters of water wasted

गर्मी में जल संकट से जूझते रहवासी, जिम्मेदार अब भी लापरवाह

Betul Ki Khabar: बैतूल। नगर पालिका और ठेकेदार के बीच समन्वय की कमी ने शहरवासियों को एक बार फिर भारी परेशानी में डाल दिया है। लल्ली चौक से कोतवाली थाने तक निर्माणाधीन व्हाइट टॉपिंग सड़क के लिए की जा रही खुदाई के दौरान बीती रात कई घरों के जल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए। परिणामस्वरूप हजारों लीटर पानी सड़कों पर बह गया, जबकि गांधी वार्ड और दुर्गा वार्ड के लोग बूंद-बूंद पानी को तरसते रहे।

खुदाई से पूर्व न तो नगर पालिका ने जलप्रदाय लाइनों की सही जानकारी दी और न ही ठेकेदार ने कोई सावधानी बरती। इस लापरवाही के चलते जल संकट की मार झेल रहे नागरिकों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

पानी के इंतजार में मायूस रहवासी

कोतवाली रोड पर पिछले चार दिनों से रात के समय सड़क की खुदाई का कार्य जारी है। इसी दौरान पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, लेकिन न नगर पालिका को इसका अंदाजा हुआ और न ही ठेकेदार की ओर से कोई निगरानी की गई। वार्ड पार्षद वरुण धोटे को जैसे ही घटना की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल जलप्रदाय बंद करवाकर सुधार कार्य शुरू करवाया। पार्षद ने आश्वस्त किया कि जलप्रदाय लाइन को जल्द दुरुस्त कर पानी की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

कम दबाव से सप्लाई, कई घरों में पानी नहीं पहुंचा

गांधी वार्ड और दुर्गा वार्ड के अनेक घरों में पाइपलाइन फटने से जल आपूर्ति बाधित हो गई। रहवासियों ने बताया कि पानी का दबाव इतना कम था कि नलों से उचित मात्रा में पानी नहीं मिल सका।स्थानीय निवासी प्रदीप दुबे और रोहित ने बताया कि खजांची भवन से बहता पानी लल्ली चौक तक पहुंच गया। पानी सड़कों पर बहता रहा और लोग खाली बर्तन लेकर घरों में इंतजार करते रह गए। तेज गर्मी और उमस के बीच पानी की अनुपलब्धता से निस्तारी की समस्या गंभीर हो गई है।

सवाल अब जवाबदेही का

इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पालिका और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते समन्वय स्थापित कर कार्य प्रारंभ किया जाता, तो बहुमूल्य पानी की बर्बादी रोकी जा सकती थी। ऐसे हालात में जब शहरवासी पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं, जिम्मेदारों की यह लापरवाही किसी भी दृष्टि से माफ नहीं की जा सकती। अब समय आ गया है कि नगर पालिका और निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button