Betul Samachar: कोतवाली तक सड़क की टेस्टिंग रिपोर्ट भोपाल तलब
Betul News: Testing report of road till Kotwali summoned from Bhopal

चीफ इंजीनियर कार्यालय से ड्राइंग डिजाइन होगी फाइनल, विधायक खंडेलवाल के प्रयासों से मिलेगी बड़ी सौगात
Betul Samachar: बैतूल। एक तरफ पेट्रोल पंप चौराहे से लल्ली चौक तक बनने वाली टू लेन सड़क का ठिकाना नहीं है। दूसरी तरफ नपा के मुकाबले लोक निर्माण विभाग ने वाइट टापिंग सड़क बनाने की तैयारी लगभग पूरी कर ली है। यह सड़क लल्ली चौक से कोतवाली चौक तक बननी है। सड़क निर्माण के टेंडर होने के बाद पुरानी सड़क की गुणवत्ता की माप जोख कर टेस्टिंग रिपोर्ट चीफ इंजीनियर कार्यालय भोपाल भेज दी गई है । अधिकारियों के मुताबिक अगले 10 से 15 दिनों में सड़क निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। बारिश के पूर्व यदि सड़क का निर्माण पूर्ण कर लिया जाता है तो विधायक हेमन्त खण्डेलवाल के प्रयासों से काफी हद तक इस क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों को जर्जर सड़क की समस्या से मुक्ति मिल जाएगी।
जिले के इतिहास में पहली बार बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल के प्रयासों से उच्च गुणवत्ता युक्त सड़क की सौगात इस क्षेत्र में निवास करने वाले हजारों लोगों मिलने वाली है। सीधे तौर पर इसका फायदा कोठीबाजार, टिकारी, चक्कर रोड, सहित अन्य क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आने वाले 25 वर्षों तक मिलेगा। लगभग 2 करोड़ 57 लाख की लागत से 500 मीटर सड़क बनाए जाने के पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका परीक्षण करवा लिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुजरात की कंस्ट्रक्शन कम्पनी को इसका ठेका दिया गया है। पुरानी सड़क की स्ट्रेंथ, बेस आदि का परीक्षण करने के बाद रिपोर्ट चीफ इंजीनियर कार्यालय भोपाल भेज दी है। सड़क की ड्राइंग डिजाइन चीफ इंजीनियर कार्यालय से ही फाइनल की जाएगी। संभवत: अगले 10 से 15 दिनों के भीतर सड़क का काम भी शुरू होने की संभावना जताई गई है।
विधायक के प्रयासों से मिलेगी बड़ी सौगात
दरअसल कोतवाली थाने से लल्ली चौक के बीच की सड़क का डामरीकरण कई बार हो चुका है, लेकिन सड़क टिकाऊ न होने से बार-बार उखड़ रही थी, जबकि चक्कर रोड, कोठी बाजार, टिकारी सहित इन इलाकों के हजारों लोगों का इस सड़क से रोजाना आना जाना लगा रहता है। जर्जर सड़क की समस्या को हमेशा खत्म करने के लिए बैतूल विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने इस मामले को गम्भीरता से लिया और प्राथमिकता के साथ नपा और लोकनिर्माण अधिकारीयों की बैठक कर यह तय किया गया कि, यह सड़क उत्कृष्ठ सड़क के रूप में नजर आए और लम्बे समय तक आम जन को इसका फायदा भी मिल सके। सड़क के लिए लगभग 2 करोड़ 57 लाख रुपए के फंड की व्यवस्था करने में विधायक हेमन्त खण्डेलवाल की महत्वपूर्ण भूमिका का ही परिणाम है कि आने वाले 25 सालों तक आधुनिक तकनीक से बनने वाली इस सड़क का लाभ आम जनता को मिल सकेगा।
इनका कहना….
आम जनता की समस्याएं मेरी पहली प्राथमिकता है। सड़क निर्माण को लेकर गम्भीरता से विश्लेषण करने के बाद वाइट टापिंग सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। निश्चित रूप से शहर के लोगों को इसका फायदा भी मिलेगा।
हेमन्त खण्डेलवाल, विधायक बैतूल
पुरानी सड़क का परीक्षण करवाकर रिपोर्ट चीफ इंजीनियर कार्यालय भेज दी गई है। ड्राइंग डिजाइन वहीं से फाइनल होगी। अगले 10 से 15 दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
अखिल कवड़े, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, बैतूल




