Betul News: आचार संहिता में स्वास्थ्य मंत्री ने किया अस्पताल का निरीक्षण
Betul News: Health Minister inspected the hospital in accordance with the code of conduct

बीती रात शाहपुर अस्पताल पहुंचे थे मंत्री, कांग्रेस ने आचार संहिता उल्लंघन का लगाया आरोप
Betul News: बैतूल। शाहपुर में आचार संहिता उल्लंघन का मामला सामने आया है और यह मामला किसी आम व्यक्ति या अधिकारी से नहीं बल्कि प्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री से जुड़ा है। मंत्री ने बकायदा बुधवार देर रात शाहपुर अस्पताल का निरीक्षण किया और बीएमओ को दिशा निर्देश भी दिए। जानकारी के अनुसार भोपाल जाते समय स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भोपाल जाते समय कुछ देर शाहपुर में रूककर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। करीब दस से पंद्रह मिनट मंजी से अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष मनीष कुमरे, नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक, भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मयंक वर्मा मौजूद रहे। नप अध्यक्ष ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने ओपीडी में भर्ती मरीजों से उनके हाल-चाल जाना और पास में ही खुले में रखी दवाइयां को लेकर बीएमओ को फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा कि दवाइयों को व्यवस्थित रखा जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल मेंं भर्ती महिला मरीज से चर्चा की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महिला ड्रेसर का न्यूनतम वेतन 9 हजार रुपए तक करने की बता कही।

अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से कराया अवगत
नप अध्यक्ष सहित उपस्थित अन्य लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल में डाक्टरों की कमी से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की कमी के कारण क्षेत्र के मरीजों को सीधे जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ी है। यदि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी दूर हो जाती हैं तो मरीजों का उपचार मुख्यालय पर ही हो सकेगा।
कांग्रेस ने लगाया आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
इधर मामला जैसे ही कांग्रेस के संज्ञान में आया तो उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। घोड़ाडोंगरी जनपद अध्यक्ष राहुल उइके ने कहा कि आचार संहिता में प्रदेश के मंत्री अस्पताल का निरीक्षण कर रहे हैं। यह तो समझ से परे वाली बात है। जो लोग नियमों का पाठ पढ़ाते हैं वहीं लोग आचार संहिता का पालन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए यह सब किया जा रहा है। उइके का कहना था कि कांग्रेस चुनाव आयोग से शिकायत कर पूरे मामले से अवगत कराएंगी।
इनका कहना…..
मुझे इस संबंध में जानकारी मिली है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री आचार संहिता में शाहपुर अस्पताल का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। हम निर्वाचन आयोग को शिकायत कर रहे हैं। नियम से मंत्री पर एफआईआर होना चाहिए।
हेमंत वागद्रे, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल।





