Video : शहर की गली-मोहल्लों में उतरा प्रशासन, अतिक्रमण पर सख्ती के संकेत

संकरे रास्तों से लेकर आपात सेवाओं की बाधा तक मैदानी निरीक्षण में खुली हकीकत

Betul Atikraman News : बैतूल। शहर की गली-मोहल्लों में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। अतिक्रमण, संकरे रास्ते और इससे आम नागरिकों को हो रही परेशानियां अब सिर्फ शिकायतों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि प्रशासन की प्राथमिकता बन चुकी हैं। सोमवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला खुद मैदान में उतरा और शहर के प्रमुख वार्डों का निरीक्षण किया। लोगों से सम्वाद कर समस्या पूछी गई बल्कि उन्हें किस तरह की परेशानियां उठाना पड़ रहा है यह भी जानने के प्रयास किए गए।

कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में शुरू हुआ सघन निरीक्षण

पूर्व में कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अभिजीत सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने गली-मोहल्लों का बारीकी से सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर आज कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, एसपी वीरेंद्र जैन, एसडीएम अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुनील लाटा सहित नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी फौज शहर भ्रमण पर निकली।

निरीक्षण की शुरुआत कोठीबाजार क्षेत्र के तिलक वार्ड से की गई। यहां अधिकारियों ने पैदल भ्रमण कर गलियों की चौड़ाई, अतिक्रमण की स्थिति और यातायात की वास्तविक समस्या को देखा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। अधिकारी लोगो से मिलते जुलते और वास्तविक स्थिति अपनी आंखों से देखते हुए तिलक वार्ड भाग दो में पहुंचे।

आम नागरिकों के लिए अतिक्रमण बना सबसे बड़ी बाधा

मैदानी निरीक्षण में कई स्थानों पर स्पष्ट रूप से सामने आया कि गली-मोहल्लों में किए गए बेजा अतिक्रमण के कारण लोगों और वाहनों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। कहीं दुकानों का सामान बाहर फैला है तो कहीं पक्के निर्माण ने रास्तों को और संकरा कर दिया है। इन हालातों में आम नागरिकों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आपात सेवाएं भी हो रहीं प्रभावित

अधिकारियों ने चिंता जताई कि संकरे रास्तों के कारण फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाएं भी कई क्षेत्रों में समय पर नहीं पहुंच पा रहीं। यह स्थिति भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिसे गंभीरता से लिया जा रहा है।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पूरे शहर में इसी तरह का सघन निरीक्षण कर अतिक्रमण को चिन्हित किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उद्देश्य साफ है—शहर की गली-मोहल्लों को सुरक्षित, सुगम और आमजन के लिए सुविधाजनक बनाना। कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में हुए इस निरीक्षण को प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज होगी और शहर की तस्वीर बदलने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इनका कहना…..

प्लान के मुताबिक पूर्व में निरीक्षण किया गया था आज स्वयं कलेक्टर और एसपी द्वारा निरीक्षण किया गया है, आम नागरिकों की समस्याओं को जल्द सुलझाया जाएगा।

अभिजीत सिंह एसडीएम बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button