Betul Samachar : माचना एनीकेट में पानी खत्म, आज पहली बार लेंगे लाखापुर से पानी मार्च में गर्मी की शुरुआत में दिखा असर, ताप्ती बैराज से जारी रहेगी सप्लाई

बैतूल। गर्मी की शुरुआत होते ही जलसंकट की आहट सुनाई देने लगी है। अब तक माचना एनीकेट में पर्याप्त पानी था, लेकिन पिछले पांच दिनों में तापमान में आए जबरदस्त उछाल के बाद पानी का लेबल तेजी से घटा है। इसी वजह नगरपालिका बुधवार को लाखापुर से पहली बार पानी लेेगी। वर्तमान में एनीकेट में महज 2-3 फीट पानी शेष रहने की जानकारी सामने आई है।
नगरपालिका के आधिपत्य वाले माचना एनीकेट में गर्मी की शुरुआत होते ही असर दिखाई देने लगा है। पिछले पांच दिनों में करीब दो फीट पानी कम होने के बाद नगरपालिका की जलशाखा की परेशानी बढ़ा दी है। पहले ही इस पानी का उपयोग शहर की जल सप्लाई में नहीं हो रहा है, लेकिन एतिहात यदि ताप्ती बैराज से किसी दिन सप्लाई नहीं हुई तो इमरजेंसी में एनीकेट से ही पानी की सप्लाई करना पड़ेगा। इसलिए बिना रिस्क लिए नगरपालिका एनीकेट में दो फीट पानी रहने के बाद लाखापुर से पानी लेने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह लाखापुर से एनीकेट से पानी छोड़ दिया गया है। शाम तक एनीकेट में यह पानी पहुंच जाएगा।
14 फीट लेबल पर भरने के बाद होगा बंद
नगरपालिका की जलशाखा के अनुसार एनीकेट का पानी लेबल तो 14 फीट का है। संभावना है कि कल तक लाखापुर से लिए पानी से एनीकेट का पेट भर जाएगा। इसके बाद लाखापुर से लिया जा रहा पानी बंद कर देंगे। लाखापुर से पानी छोड़ने पर जलशाखा के कर्मचारियों को निगरानी के लिए भी लगाया गया है, ताकि पानी चोरी न हो सके।
बैराज में पर्याप्त पानी, जून तक सप्लाई संभव
इधर राहत की खबर यह है कि ताप्ती बैराज से शहर के लोगों को जून तक लगातार पानी की सप्लाई संभव है। यह बात इसलिए कही जा रही है, क्योंकि वर्तमान में खेड़ी सांवलीगढ़ के आगे ताप्ती बैराज लबालब भरा हुआ है। लगभग एक एमसीएम पानी बैराज में मौजूद है। ताप्ती में अभी भी बहता हुआ पानी बैराज तक पहुंच रहा है, इसलिए जून तक आसानी से इस पानी से शहर के लोगों को पानी की सप्लाई की जा सकती है। शहर की आठ पानी की टंकियां भरकर पानी की सप्लाई का सिलसिला अनवरत जारी रहेगा। जून के अंतिम सप्ताह में मानसून की बैतूल में आहट होते ही समस्या खत्म हो जाएगी।
इनका कहना…
माचना एनीकेट में महज दो फीट पानी बचा है, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पानी लाखापुर से लिया जा रहा है। 14 फीट लेवल होने के बाद सप्लाई बंद कर देंगे।
नगेन्द्र वागद्रे, उपयंत्री नपा बैतूल।




