Exit Poll : घोड़ाडोंगरी में कांटे का मुकाबला, कांग्रेस मार सकती है बाजी
Exit Poll: Close contest in Ghoradongri, Congress can win

सबसे बड़े विधानसभा में वोटों का हो रहा ध्रुवीकरण, अंतिम समय में भाजपा की भी लग सकती है लॉटरी!
Exit Poll : (बैतूल)। जिले के दूसरे आदिवासी विधानसभा क्षेत्र घोड़ाडोंगरी में इतिहास का सबसे रोचक मुकाबला हो रहा है। अंतिम समय में कौन बाजी मार जाए, कह पाना मुश्किल है। इसके बावजूद सांझवीर टाईम्स ने क्षेत्र का एग्जिट पोल कर वस्तुस्थिति सामने लाने का प्रयास किया है। इसमें कांग्रेस काफी करीबी मुकाबले में भाजपा से जीत हासिल कर सकती है। यदि अंतिम समय कोई उलटफेर हुआ तो भाजपा की भी लॉटरी लगने से इंकार नहीं किया जा सकता। पांचों विधानसभा में घोड़ाडोंगरी में सबसे करीबी मुकाबला होने से चुनावी विश्लेषक भी हतप्रभ है। हमोर एग्जिट पोल के मुताबिक कांटे के मुकाबले में कांगे्रस को 48.1 प्रतिशत वोट मिलते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा भी कांग्रेस से पीछे नहीं है। उसे 47.4 प्रतिशत वोट मिलते दिखाई दे रहे हैं। यदि एग्जिट पोल पर यकीन करें तो यहां पर जीत-हार का अंतर महज पंद्रह सौ से तीन हजार वोटों के बीच का दिखाई दे रहा है। यदि कुछ अंचलों में भाजपा ने सेंधमारी करी तो बाजी उसके पक्ष में भी जा सकती है।
भैंसदेही के बाद घोड़ाडोंगरी विधानसभा जिले में आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित है। इस सीट पर किसी एक पार्टी का राज अब तक नहीं रहा। इतना जरूर है कांग्रेस ने अधिक मर्तबा विधानसभा पहुंचने का रिकार्ड कायम किया है, लेकिन भाजपा भी पीछे नहीं है। यही वजह है कि इस आदिवासी सीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ आम सभा कर माहौल बनाने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री शिवराज ने बीजादेही और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शाहपुर में आमसभा को संबोधित किया है। दोनों ही वरिष्ठ नेताओं की प्रतिष्ठा इस आदिवासी सीट पर जुड़ी हुई है। शुरू में यहां पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही थी, लेकिन मतदान की तिथि निकट आते तक कांग्रेस मुकाबले में आ गई। यही वजह है कि मतदान के बाद यहां कोई दावे से नहीं कह पा रहा है कि किस पार्टी की जीत होगी।
किस क्षेत्र में कौनसी पार्टी मजबूत (Exit Poll)
सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस में ब्लॉकवार अलग-अलग मुकाबला देखने को मिल रहा है। जिले का सबसे बड़ा विधानसभा होने के कारण लंबे-चौड़े हिस्से में फैला हुआ है। हमारे एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस आमगोहान, पाढर, नीमपानी सेक्टर, हरदू से देवपुर कोटमी, आमढाना से घोड़ाडोंगरी के बीच, शाहपुर से भौंरा के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र, बीजादेही और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आगे रह सकती है। दूसरी ओर भाजपा चिरापाटला, मलाजपुर, हरदू, झारकुंड से बाचा के आसपास शांतिपुर से पहावाड़ी से रातामाटी, अटारी क्षेत्र, सालिगराम से गोपीनाथपुर, चोपना के आसपास के ग्रामीणों में अच्छी बढ़त ले रही है, जबकि दुधिया से चिचोली मार्ग पर मुकाबला बराबरी का लग रहा है। यही हाल गवासेन क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। दोनों पार्टियां अलग-अलग क्षेत्र में बराबरी पर रहने के कारण मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
नगरीय क्षेत्रों में भी करीबी मुकाबला (Exit Poll)
घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में तीन नगरीय क्षेत्र आते है। इनमें घोड़ाडोंगरी, शाहपुर और चिचोली शामिल है। तीन निकायों वाला घोड़ाडोंगरी विधानसभा इकलौता क्षेत्र है। सांझवीर टाईम्स के एग्जिट पोल में जो रूझान आ रहे है। इसमें कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा को अच्छी बढ़त मिल रही है। शाहपुर की बात करें तो यहां भाजपा की नगर परिषद होने के बावजूद कड़े मुकाबले में कांग्रेस को बढ़त मिल सकती है। तीसरी घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में सांझवीर टाईम्स के एग्जिट के मुताबिक भाजपा को मामूली बढ़त मिलने के आसार है। कहा जा रहा है कि घोड़ाडोंगरी मुख्यालय की तासिर अलग रहती है, इसलिए यहां अंतिम समय में कांग्रेस आगे हो गई तो कोई अतिश्योक्ति नहीं। ओव्हर ऑल तीनों निकायों की बात करें तो कांग्रेस और भाजपा में वोट हासिल करने के लिए काफी करीबी मुकाबला दिखाई दे रहा है।
जयस-निर्दलीय मुकाबले से बाहर (Exit Poll)
गत चुनावों की अपेक्षा गोंडवाणा गणतंत्र पार्टी और जयस ने कांग्रेस और भाजपा के वोट बैंक में अच्छी सेंध लगाई थी, लेकिन इस चुनाव में अधिक सेंधमारी करते नहीं दिखाई दे रही है। आदिवासी क्षेत्र में जयस का मजबूत धनाधार है, इसके बावजूद पार्टी यहां पर महज 4 प्रतिशत वोट लेते ही दिखाई पड़ रही है। यानी अधिकतम 9 से 10 हजार के बीच वोट जयस को मिलने की संभावना सांझवीर के एग्जिट पोल में दिखाई दे रही है। निर्दलीय की बात करें तो महज 1.2 प्रतिशत वोट मिल सकते है। यह आंकड़ा लगभग 2500 वोट से अधिक नहीं दिखाई दे रहा है। इसी वजह मुकाबला सीधे भाजपा और कांग्रेस के बीच होने के कारण रोचक स्थिति में पहुंच गया है।




