Betul SP News: बैतूल में सीएम के पसंदीदा एसपी निश्चल झारिया की नियुक्ति
Betul CM News: Appointment of CM's favorite SP Nischal Jharia in Betul

पीएम मोदी की सभा में तीन दिन संभाल चुके हैं जिले की सुरक्षा व्यवस्था, कल संभालेंगे पदभार…
Betul SP News:(बैतूल)। आदिवासी युवकों के साथ मारपीट के मामले में सुर्खियों में आई बैतूल पुलिस में बड़ा परिवर्तन हो चुका है। जिले के पांचों विधायकों की मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात के बाद एसपी सिद्धार्थ चौधरी को हटा दिया गया है। कोतवाली टीआई भी निलंबित किए जा चुके हैं। नई दिल्ली से सरकार के लौटते ही बीती रात आधा दर्जन से अधिक आईपीएस अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया। बैतूल में भी नए एसपी निश्चल झारिया की नियुक्ति की गई है। यह पहले ही संभावना थी कि विधायकों ने सीएम डॉ मोहन यादव से मुलाकात के बाद किसी वरिष्ठ अफसर को जिले में पदस्थ करने के लिए कहा था। खबर है कि सीएम के ही पसंद के 1995 बैच के अधिकारी को बैतूल एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सूत्र बताते हैं कि बैतूल में आदिवासी युवकों की पिटाई कांड से सरकार की काफी किरकिरी हुई है। भले ही जिले के पांचों भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात कर अप्रत्यक्ष रूप से कोतवाली टीआई और स्टाफ की ही शिकायत की थी, लेकिन मामले को बढ़ता देख सीएम ने गंभीरता दिखाते हुए एसपी को हटाने का फैसला किया। इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सीएम आदिवासी युवकों की मारपीट से कितने नाराज थे। चूंकि उनके पास गृह मंत्रालय था, इसलिए विपक्ष ने उनका इस्तीफा तक मांग लिया था, इसलिए एसपी को हटाकर विपक्षी के तेवर की उन्होंने हवा निकाल दी।
कई जिलों में दे चुके हैं सेवाएं
जानकारी के मुताबिक बैतूल के नए एसपी निश्चल झारिया काफी अनुभवी अधिकारी बताए जाते हैं। मूलत: जबलपुर के रहने वाले श्री झारिया भोपाल के क्राइम ब्रांच में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके हैं। राज्य पुलिस सेवा के 1995 बैच के अधिकारी को आईपीएस अवार्ड मिलने के बाद संभवत: एसपी के रूप में पहले जिले में पदस्थापना हुई है। वे कुछ जिलों में एसडीओपी और एएसपी के पद पर भी रह चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश में वीआईपी के आगमन पर उनकी ड्यूटी लगाई जाती है, उन्हें सुरक्षा संबंधित खासा अनुभव है। पिछले विधानसभा चुनाव में साकादेही के पास हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में भी श्री झारिया तीन दिन तक बैतूल में रूके थे। उन्होंने संक्षिप्त चर्चा में कहा कि वे संभवत: मंगलवार शाम बैतूल पहुंचकर बुधवार पदभार ग्रहण कर लेंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद ही अपनी प्राथमिकता तय करेंगे।
- Also Read: Betul News: बैतूल से विलुप्त हो गए गिद्ध पक्षी, तीन दिन हुए सर्वे में नहीं मिला एक भी गिद्ध
कलेक्टर के बाद एसपी भी सीएम के करीबी
सूत्रों ने बताया कि बैतूल में पहले से ही कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेहद करीबी मौजूद है। अपनी पदस्थापना के दौरान सूर्यवंशी लंबे समय तक सीएम के गृह नगर उज्जैन में कई पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। जैसे ही वे सीएम बने अपने चहेते अफसर सूर्यवंशी को बैतूल जैसे महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंपी है। इसके बाद सीएम विधायकों के आग्रह के बाद अपनी पसंद का एसपी भेजने का आग्रह कर चुके थे। ऐसे में मुख्यमंत्री के पसंदीदा पुलिस अफसर निश्चल झारिया की पदस्थापना की गई है। यानी बैतूल में कलेक्टर और एसपी दोनों मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के पसंद के बताए जाते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित कर प्रशासनिक और पुलिस विभाग में अच्छे काम होने की संभावना है।




