Today Betul News: कालेज चौराहे का हो रहा सौंदर्यीकरण, इसलिए हरे पेड़ की बलि चढ़ाई
Today Betul News: College intersection is being beautified, hence green trees are being sacrificed.

सड़क चौड़ी होने की सुविधा के नाम पर बैतूल के पर्यावरण से खिलवाड़…
Today Betul News:(बैतूल)। इसे विडंबना ही कहे कि बैतूल में पर्यावरण प्रेमी कलेक्टर मौजूद है। पहले उनकी आंखों के नीचे बंगले से दर्जनों हरे-भरे पेड़ों की बलि चढ़ा दी गई। यह मामला अभी सूर्खियों में ही था कि नगरपालिका ने कालेज चौक के सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर वर्षों पुराने और हरियाली देने वाले बेजुबान आम के पेड़ों की बलि चढ़ाना शुरू कर दिया। अब तक दो पेड़ काटे जा चुके हैं। नपा का दावा है कि ऐसे ही कुल दस पेड़ों को सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के नाम पर काटा जाएगा। नपा के इस काम को लेकर लोगों में खुशी नहीं बल्कि आक्रोश पनप रहा है। पर्यावरण प्रेमियों ने मामले में लोक उपयोगिता अदालत तक जाने का फैसला किया है।
लोगों को सुविधाएं दिलाए जाने के नाम पर बैतूल में हरे-भरे पेड़ों की बलि चढ़ाना आम बात हो गई है। एक आदमी अपने घर के सामने पुराने पेड़ को कटवाने या छटवाने के लिए वर्षों तक चक्कर लगाता है, लेकिन नपा अनुमति नहीं देती है तो दूसरी तरफ जिले के मुखिया के बंगले में कई बेजुबान पेड़ों को बिना अनुमति के काट दिया जाता है, जब मामला बढ़ता है तो अनुमति के लिए नपा के ही दो अमले आपस में एक दूसरे पर जिम्मेदारी मढ़ देते हैं। खैर पेड़ों की कटाई हो चुकी है अब इस परिसर में दूसरे पौधे लगाए जाने को लेकर भी शंका इसलिए है, क्योंकि भविष्य में यहां पर बड़ी इमारतों का निर्माण किया जाना है। यह मामला अभी सुर्खियां बटोर ही रहा था कि पर्यावरण प्रेमियों के लिए कालेज चौक से बुरी खबर आ गई। यहां पर सड़क का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के नाम तथाकथित नेताओं की हटधर्मिता के कारण हरे पेड़ों की बलि चढ़ाई जा रही है। इससे पर्यावरण प्रेमियों में आक्रोश पनप रहा है।

10 पेड़ों को काटने का लक्ष्य
कालेज चौक पर आम की अमराई गर्मियों में लोगों को शीतलता प्रदान करती है। यहां की छाया में सारणी, आमला की ओर जाने वाली बसों के यात्री भी रूकते हैं। अब नपा इस चौक का सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कर रही है। ऐसे में 10 आम के हरे-भरे पेड़ों को काटने की तैयारी की है। दो दिन से जब यहां लगे आम के पेड़ों पर आरी चल रही थी तो लोगों को आश्चर्य होने लगा। देखते ही देखते दो पेड़ों को जमींजोद कर दिया। अब कहा जा रहा है कि आसपास के 10 पेड़ों को सौंदर्यीकरण के नाम पर काटा जाएगा। नपा के इस कृत्य पर पर्यावरण प्रेमी और क्षेत्र के लोग खासे नाराज है। उनका कहना है कि उन्हें ऐसी सुविधाएं नहीं चाहिए, जिससे हरे-भरे पेड़ की बलि चढ़ाकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए। लोगों ने बताया कि इस मामले में वे लोक उपयोगिता अदालत में मामला लेकर जा रहे हैं।
इनका कहना….
कालेज चौक का सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण का काम होना है, इसलिए 10 आम के पेड़ों को काटा जा रहा है। इसके लिए अनुमति ली गई है।
नगेंद्र वागद्रे, उपयंत्री, नपा बैतूल।




