Betul News Today: आदिवासी युवक के साथ मारपीट के मामले में कांग्रेस आगे आई, पुलिस ने एफआईआर दो आरोपियों को हिरासत में लिया
Betul News Today: Congress came forward in the case of assault on tribal youth, police filed FIR and detained two accused.

Betul News Today: शहर में एक आदिवासी युवक के साथ बजरंग दल के तथाकथित कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मारपीट का मामला तूल पकड़ लिया है। कल ही प्रदेश कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा ट्वीट करने के बाद इस मामले में पुलिस विभाग में हड़कंप मचा है। आनन-फानन में बीती रात एसपी ने खुद कोतवाली थाना पहुंचकर संबंधितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। दूसरे दिन कांग्रेस इस मामले में सड़क पर उतरी और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के अनुरोध के लिए ज्ञापन सौंपा है। सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने बताया कि राज उईके नामक युवक का जबरन अपहरण कर लात-घूसों से मारपीट की गई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है।
आदिवासी युवक अपनी जान बचाने की गुहार लगा रहा है। इस घटना के बाद संपूर्ण आदिवासी समाज में भय और रोष व्याप्त है। कांग्रेसियों ने बताया कि आरोपी चंचल राजपूत एवं साथियों ने सत्ता के नशे में घटना को अंजाम दिया है। इससे बैतूल का सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ रहा है। भाजपा की सरकार में आदिवासी सुरक्षित नहीं है। ज्ञापन में मांग की गई है कि बजरंग दल के कार्यकर्ता चंचल राजपूत और उसके साथ पर अपहरण एवं हत्या की कोशिश एवं एससी, एसटी के तहत प्रकरण दर्ज किया जाए और आरोपी के घर सरकार बुलडोजर चलाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मप्र कांग्रेस आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष रामू टेकाम, जिला कांग्रेस अध्यक्षद्वय हेमंत वाग्रदे, सुनील शर्मा, आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ रमेश काकोड़िया समेत कांग्रेस नेता अरूण गोठी, समीर खान अन्य कांग्रेसी मौजूद थे। उधर पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया है।





