Betul Election News : चुनावी भोंपू थमा, कल रवाना होंगे मतदानकर्मी
Betul Election News: Election siren stopped, polling personnel will leave tomorrow

जिले की पांच विधानसभा के 1581 के मतदान केंद्रों पर 17 को सुबह से शुरू होगा मतदान
Betul Election News : (बैतूल)। करीब एक माह से शोर शराबे के बीच चल रहे चुनाव प्रचार बुधवार शाम 6 बजे से थम गया। अगले 36 घंटे प्रत्याशी अब घरों-घर दस्तक देंगे। 17 नवंबर शुक्रवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बीच गुरुवार सुबह से मतदान दलों की रवानगी भी शुरू हो जाएगी। जिले की कुल पांच विधानसभाओं में 1581 के मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 162 सेक्टर अधिकारी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराएंगे। प्रशासन और पुलिस ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली है। विधानसभा चुनाव के मतदान को लेकर उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बुधवार को शाम 6 बजे चुनावी भोंपू थम गया है। अंतिम दिन प्रत्याशियों ने जमकर ताकत झोंकी।
रैली और जुलूस के रूप में अपनी ताकत दिखाई। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पांचों विधानसभाओं में प्रत्याशियों ने जमकर प्रचार प्रसार किया। शाम 6 बजे के बाद से शोर शराबा भी खत्म होगा। इधर प्रशासन ने भी प्रचार थमते ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिले में कुल 12233483 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक जिले की पांच विधानसभा में कुल 12233483 मतदाता है। इनमें पुरूष मतदाता की संख्या 620773 और महिला मतदाताओं की संख्या 602687 है। सर्वाधिक मतदाता घोड़ाडोंगरी विधानसभा में 259942 है, जबकि सबसे कम मतदाता वाली विधानसभा मुलताई है, यहां कुल 230117 मतदाता मौजूद है। सभी मतदाता 17 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
1581 मतदान केंद्रों पर अधिकारियों की नियुक्ति
जिला प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अख्तर ने बताया कि जिले के पांच विधानसभाओं में कुल 1581 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए 162 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 316 माक्रोआर्ब्जवर की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी रहेगी। इसमें पीठासीन अधिकारी समेत मतदानकर्मी शामिल रहेंगे। इनके अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर पुलिसकर्मियों की अलग से व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के 1581 मतदान केंद्रों में से 791 पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
कर्नाटक से पहुंचा पुलिस बल, आरपीएसएफ भी तैनात रहेगी
पुलिस विभाग ने भी चुनाव के मद्देनजर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। बुधवार ड्यूटी पर जाने वाले कर्मियों का चार्ट बना लिया गया है। एएसपी कमला जोशी ने बताया कि चुनाव में १९४ स्थानीय होमगार्ड १४०० कर्नाटक के होमगार्ड, एफएटी और आरपीएसएफ की 13 कंपनियां बैतूल पहुंच चुकी है। उन्होंने बताया कि पचमढ़ी से १६१ जवानों का बल बैतूल को मिला है। १५८१ बूथों पर कोटवार और वन विभाग के कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। जिला पुलिस बल से ६०० पुलिसकर्मियों के अलावा १७८ मोबाइल टीम और २० क्यूटी टीम तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों को लाने ले जाने के लिए ६४ बड़े २२५ छोटे वाहन, १३ ट्रक और १४ पिकअप वाहन अधिग्रहित किए गए हैं।




