Betul Crime: शहर में एक और चोरी, हजारों की नकदी-जेवर पर हाथ साफ
Betul Crime: Another theft in the city, thousands of cash and jewelery seized

गंज थाने के टेलीफोन कालोनी के सूने मकान पर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम…
Betul Crime: (बैतूल)। शहर में चोरों के हौंसले इस कदर बुलंद है कि उन्हें अब पुलिस का भी डर नहीं है। एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं से साफ है कि शहर के दोनों थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बेहद लचर हो चुकी है। इसका सीधा फायदा पुलिस की आंखों में धूल झोंककर चोर उठा रहे है। गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात गंज थाना क्षेत्र के शंकर वार्ड स्थित टेलीफोन कालोनी में देखने को मिला।
यहां चोरों ने एक बार फिर पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। चोरों ने फेब्रीकेशन का व्यवसाय करने वाले एक व्यवसायी की सूने मकान का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश कर लाखों रूपए के जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब इसकी सूचना मिली तो पीड़ित परिवार भी वापस घर पहुंचा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। हमेशा की तरह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना तो कर लिया है पर इस चोरी का भी कुछ अता-पता लग पाएंगा, इसकी गुंजाईश अन्य चोरियों की तरह कम ही नजर आ रही है।
पीड़ित हरि देशमुख ने बताया कि उनके पैतृक गांव ग्राम बिसनूर बारसे का कार्यक्रम संपन्न किया जाना था, जिसमें शामिल होने के लिए वह परिवार सहित गुरूवार शाम ही बिसनूर चले गए थे। रात्रि के वक्त चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने का एक मंगलसूत्र टॉप्स, चांदी की पायल, तीन चांदी की चैन, बिछिया और 18 से 20 हजार रूपए चोरी कर लिए। श्री देशमुख ने बताया कि उनकी पत्नि भी सिलाई का काम करती है। जिसके 3 से 4 हजार रूपए चोरों ने चोरी कर लिए।
देशमुख के मुताबिक चोरों ने उनके घर के ठीक बाजू में स्थित एक अन्य मकान के दरवाजे की भी सामने से कुंडी चढ़ा दी थी। सुबह जब घर के लोगों ने बाहर से बंद दरवाजा खुलवाया और देखा तो उनके घर का दरवाजे का ताला टूटा हुआ था, इसके बाद पड़ोसियों ने हमें इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही गंज पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा था, जिन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया है और आसपास स्थित कैमरे खंगाले जा रहे है, ताकि चोरों का कुछ सुराग लग सके।





