Betul Today News: सड़क निर्माण में ब्राउंड्रीवाल-पेड़ों की बाधा
Betul Today News: Boundary wall-tree obstruction in road construction

टैगोर वार्ड की 34 फीट सड़क महीनों से अधूरी, विधायक-नपाध्यक्ष को समझाईश देने खुद आगे आना पड़ाण…
Betul Today News:(बैतूल)। शहर के लोगों को नगरपालिका सरपट सड़कों की सौगात दे रही है, लेकिन सड़क निर्माण में लोगों द्वारा सामने तक किए गए अतिक्रमण के अ लावा पेड़ की जबरदस्त बाधा आ रही है। यही वजह है कि शहर के कई स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य में लोगों के अड़ंगे के कारण पूरे नहीं हो पा रहे है। आए दिनों विवाद के बाद कुछ जनप्रतिनिधियों को भी मौके पर पहुंचना पड़ रहा है। ताजा मामला शहर के टैगोर वार्ड में देखने को मिला। यहां 1 करोड़ की आदर्श सड़क निर्माण का काम पिछले कई माह से लोगों के अतिक्रमण और लगाए गए पेड़ के कारण अटका पड़ा था। विधायक हेमंत खण्डेलवाल और नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर को खुद मौके पर पहुंचकर विवाद का पटाक्षेप करना पड़ा।
शहर के पॉश क्षेत्र टैगोर वार्ड में गुप्ता शॉपिंग मॉल से गुरूद्वारा रोड के नाले तक 1 करोड़ की लागत से 34 फीट चौड़ी सड़क स्वीकृत हुई थी। पूर्व में टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदार ने काम शुरू किया, इसके बाद नगरपालिका ने टेंडर रिकॉल किया तो क्षेत्र के पार्षद और ठेकेदार पिंटू परिहार को ठेका मिला। वे खुद वार्ड की इस सड़क को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे थे, लेकिन 34 फीट सड़क पर सामने तक बाउंड्रीवाल और पेड़ आ जाने के कारण काम महीनों से रूका है। स्थिति यह है कि इस क्षेत्र से जाने वाले वाहन चालकों को अक्सर परेशानियां हो रही है। जनप्रतिनिधियों और सीएमओ के पास भी पहुंचा, लेकिन नतीजा सिफर निकला।
जनप्रतिनिधियों ने सुलझाया मामला(Betul Today News)

मंगलवार को विधायक हेमंत खण्डेलवाल, नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, क्षेत्रीय पार्षद पिंटू परिहार गुप्ता शॉपिंग मॉल के पास बन रही टैगौर वार्ड की सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। चूंकि कुल 40 फीट सड़क में से 3-3 फीट की नाली दोनों और बनना है। शेष 34 फीट में सड़क निर्माण करना है, लेकिन नाली निर्माण में करीब आधा दर्जन लोगों द्वारा सड़क तक पेड़ और बाउंड्रीवाल का निर्माण कर लिया था। इसके लिए लगातार विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। मंगलवार को क्षेत्र के लोगों से चर्चा कर उन्हें समझाईश दी कि बेहतर सड़क के लिए बाउंड्रीवाल तोड़कर नालियां बना ली जाए। बाद में बाउंड्रीवाल नपा मरम्मत कर देगी।
बाद में क्षेत्र के लोगों द्वारा पेड़ काटने पर नाराजगी जताई। हालांकि विधायक ने अच्छी सड़क के लिए पेड़ काटने की सलाह दी। इस पर लोग मान गए। विधायक ने नपा सीएमओ और सब इदंजीनियर से कहा कि बाउंड्रीवाल को हो सके तो न तोड़ा जाए। जरूरी हो तो तोड़कर पुन: रिपेयर करें। मौके पर सब इंजीनियर ने टेप लगाकर विधायक को सड़क की चौड़ाई के बारे में जानकारी दी। इसके बाद समझाईश देने पर लोग मान गए है। कल से सड़क निर्माण दोबारा शुरू करने में सहमति बन गई। इसके पहले नगरपालिका सड़क निर्माण में बाधा बन रहे पेड़ों को काटेगी।
शंकर वार्ड में भी अतिक्रमणकारियों को छूट(Betul Today News)
इधर शहर के शंकर वार्ड में एसटीडी चौक से पार्षद ममता बबलू मालवीय के निवास से आगे नाले तक बनने वाली सड़क पर भी अतिक्रमण की प्रेत छाया है। जितनी सड़क की नपाई गई है, उसे हिसाब से काम नहीं किया जा रहा है। कहीं चौड़ाई अधिक तो कहीं कम दिखाई दे रही है, इससे क्षेत्र के लोग नाराज है। उनका कहना है कि जिन लोगों ने अतिक्रमण कर पेड़ लगाए है और बाउंड्रीवाल बनाई इसे भी हटाकर दोनों तरफ समान सड़क बनाई जाए। अब तक ठेकेदार ने दोनों ओर गिट्टी डाली है, लेकिन देखने में समझ आया है कि अतिक्रमणकारियों के अतिक्रमण हटाने के बजाय जितनी जगह खाली जगह पर सड़क बनाई जा रही है, इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। मामले में सीएम हेल्पलाईन में शिकायत करने की जानकारी सामने आई है।
इनका कहना…
टैगोर वार्ड में बाउंड्रीवाल और पेड़ के कारण सड़क का काम रूका था। विधायक और नपाध्यक्ष की समझाईश के बाद लोग मान गए है। पहले यहां पेड़ काटे जाएंगे फिर सड़क निर्माण किया जाया गया। शंकर वार्ड में जो शिकायत मिली है, इसे भी दिखवाने के लिए कहा गया है। अतिक्रमण हटाकर ही सड़क बनाने के निर्देश दिए जाएंगे।
ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमओ, नपा, बैतूल





