Ward Parikrama: शंकर वार्ड में सड़क, नाली, पानी के लिए तरसे लोग

पार्षद के कामकाज से खुश नहीं है वार्डवासी
Ward Parikrama: बैतूल। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 32 शंकर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं से जूझ रहे वार्डवासी जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। सांझवीर टाईम्स की वार्ड परिक्रमा के दौरान जब वार्डवासियों से चर्चा की गई तो उन्होंने क्षेत्र की अनेक समस्याएं सामने रखीं। रहवासियों का कहना है कि वार्ड की अधिकांश सड़कें जर्जर हो चुकी हैं।
तिवारी पेट्रोल पंप से लेकर एसटीडी चौक तक की मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आरडी स्कूल के पास से संस्कार चौक तक जाने वाला मार्ग भी लंबे समय से बदहाल स्थिति में है।
वार्ड में कई ऐसी गलियां भी हैं जहां आज तक पक्की सड़क और नाली का निर्माण नहीं हो सका है। बरसात के दिनों में इन क्षेत्रों में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। रहवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और पार्षद को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं हो पाया।
पेयजल व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। वार्डवासियों के अनुसार नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिसके कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई क्षेत्रों में कम दबाव से पानी आने की शिकायत भी सामने आई है। इसके अलावा वार्ड में स्ट्रीट लाइटों की समस्या भी बनी हुई है। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिन्हें समय पर सुधारा नहीं जा रहा है।
रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। वार्डवासियों का आरोप है कि चुनाव के दौरान किए गए कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार मांग करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिलते हैं। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द आवश्यक कार्य कराकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

क्या कहते है वार्डवासी
वार्ड में नाली और सड़क की सबसे बड़ी समस्या है। नाली नहीं बनने के कारण सेप्टी टैंक का पानी सड़क पर बहता है। इस संबंध में पार्षद, नगरपालिका और सीएम हेल्पलाईन तक शिकायत कर दी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पार्षद द्वारा समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।
उमाकांत द्विवेदी, वार्डवासी

वार्ड के भीतर सड़क और गंदगी की समस्या बनी हुई है। साफ सफाई के लिए कर्मचारी नहीं आते। नालियां चोक पड़ी है। जगह-जगह कचरा का ढेर लगा रहता है। गंदगी के कारण वार्डवासियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। पार्षद से शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं होता।
हर्ष शुक्ला, वार्डवासी

आरडी स्कूल के पास से लगभग तीन-चार वर्षो से अधिक का समय हो गया सड़क नहीं बनी है। सड़क पर अत्यधिक गढ्डे हो जाने से आवागमन में दिक्कतो का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय गढ्डों में जलभराव हो जाता जिससे गड्ढे दिखते नहीं और हादसा हो जाता है।
राकेश साहू, वार्डवासी

वार्ड के भीतर साफ-सफाई का अभाव है। सफाई कर्मचारी समय पर नालियों की सफाई करने नहीं आते है। वार्ड में स्ट्रीट लाईट की भी समस्या बनी रहती है। पर्याप्त मात्रा में नलों में पानी नहीं आता है। बारिश के समय मटमैला पानी आने से लोगों को परेशानी होती है।
देव महस्की, वार्डवासी

वार्ड में बाउंड्रीवाल और सड़कों का किया निर्माण: पार्षद
वार्ड के भीतर कई कामकाज हुए है। काली चट्टान के पास बाउंड्रीवाल का निर्माण किया गया, इसके अलावा वार्डो में कुछ क्षेत्रों में सीसी रोड भी बनाई है। वार्ड में पुलिया का निर्माण किया जिससे आवागमन सुचारू हुआ है। पेट्रोल पंप से लेकर एसटीडी चौक तक सड़क के निर्माण के लिए टेण्डर हो चुके है वार्ड के भीतर और भी कई क्षेत्रों में सड़क और नालियों का निर्माण होना है उसे जल्द पूरा किया जाएगा।
ममता मालवीय, पार्षद, शंकर वार्ड
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




